Search

धनबाद: टासरा प्रोजेक्ट में कोयला जब्ती का केस दर्ज होने के बीस दिन बाद भी गिरफ्तारी नहीं

Sindri : सिंदरी (Sindri) गोशाला ओपी क्षेत्र स्थित सेल के चासनाला कोलियरी अंतर्गत टासरा प्रोजेक्ट में लगभग 20 दिन के अंदर झरिया सीओ प्रमेश कुशवाहा द्वारा दूसरी बार छापेमारी की गई. 21 अप्रैल की शाम छापेमारी में लगभग 10 टन कोयला जब्त किया गया. हालांकि 29 मार्च को छापेमारी में लगभग 8 ट्रक अवैध कोयला का भंडारण जब्त किया गया था. इसको लेकर सेल प्रबंधन द्वारा 34 नामजद सहित 40 अज्ञात लोगों पर केस दर्ज कराया गया था. गोशाला ओपी 20 दिन बीत जाने के बाद भी किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं कर सकी है. इसके विपरीत ओपी प्रभारी विकास कुमार महतो सेल प्रबंधन पर कंटीले तार से बैरीकेडिंग नहीं करने व कम होमगार्ड जवान रखने का आरोप लगा रहे हैं. झरिया सीओ ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर टासरा प्रोजेक्ट के आसपास छापेमारी की गई. स्थानीय प्रशासन भी साथ में था. इस छापेमारी में लगभग 150 बोरी या लगभग 10 टन अवैध कोयला जब्त कर सेल प्रबंधन के हवाले किया गया है. उन्होंने बताया कि पिछली छापेमारी के बाद सेल प्रबंधन की लिखित शिकायत पर केस दर्ज किया गया था. गोशाला ओपी प्रभारी ने बताया कि ओपी की छापेमारी में झरिया सीओ का साथ लेकर अवैध कोयला जब्त किया गया है. सेल प्रबंधन कंटीले तारों से प्रोजेक्ट को घेरने में असमर्थता जता रहा है. छापेमारी के दौरान मात्र दो होमगार्ड जवान ड्यूटी पर तैनात थे. सेल प्रबंधन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था में कमी के कारण अवैध कोयले का भंडारण हो रहा है. सेल प्रबंधन के संवेदक एटी देवप्रभा कंस्ट्रक्शन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक एल बी सिंह ने कहा कि टासरा प्रोजेक्ट में अवैध कोयला खनन की शिकायत स्थानीय प्रशासन से की गई थी. उन्होंने कहा कि कोई कार्रवाई नहीं होने के कारण झारखंड पुलिस मुख्यालय व राज्य सरकार से शिकायत की गई है. आदेश का इंतजार किया जा रहा है. सेल टासरा के उपमहाप्रबंधक उपेंद्र कुमार ने बताया कि अवैध कोयला खनन, भंडारण व तस्करी गोशाला ओपी प्रभारी विकास महतो के रोकने से रुक सकता है. प्रबंधन की लिखित शिकायत पर गोशाला ओपी में 34 नामजद सहित 40 अज्ञात लोगों पर कांड संख्या 30/23 दर्ज किया गया था. लेकिन बीस दिन बाद भी कोई गिरफ्तारी नहीं होना दुर्भाग्यपूर्ण है. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp