Putki : पुटकी (Putki) कोयला के अवैध खनन,परिवहन व भंडारण के नियंत्रण पर गुरुवार को पीबी एरिया गेस्ट हाउस में पुटकी अंचल की सीओ सह समन्वय समिति की संयोजक शुभ्रा रानी की मौजूदगी में विशेष बैठक हुई. बैठक में बीसीसीएल के कुसुंडा, डब्ल्यू जे मुनिडीह, पीबी एरिया के जीएम, सीआईएसएफ व पुलिस अधिकारी मौजूद थे. बैठक में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण की रोकथाम पर गहन चर्चा हुई. हल निकालने की पहल पर भी बातचीत हुई. परंतु किसी भी मुद्दे पर कोई ठोस राय नहीं बन सकी. धंधेबाजों पर केस दर्ज करने के मामले पर एक दूसरे को दोषारोपण करते रहे. सभी ने कई सुझाव भी दिये. सीओ शुभ्रा रानी ने बीसीसीएल लीज होल्ड एरिया में अवैध कारोबार के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज करने पर विशेष जोर दिया. मोटरसाइकिल से ढुलाई कर कोयला के भंडारण करने वालों पर पुलिस कार्रवाई की बात कही गयी. ऐसे मामलों में यूनिट अधिकारी द्वारा एफआईआर करने पर सहमति बनी. सीओ ने कहा कोयला के अवैध कारोबार पर रोकथाम के प्रयास में यह पहला कदम है. बैठक महीने के हर दूसरे शनिवार होगी. सर्वमान्य निर्णय के साथ कार्रवाई की जाएगी. बैठक में कुसुंडा एरिया के जीएम वीके गोयल, डब्ल्यू जे एरिया मुनिडीह के जीएम जे एस महापात्रा, पीबी एरिया के जीएम अरुण कुमार, सिजुआ एरिया के महाप्रबंधक अनूप कुमार राय, यूनिटों के अधिकारी, थाना, ओपी व सीआईएसएफ के अधिकारी मौजूद थे. [wpse_comments_template]
धनबाद: अवैध खनन, भंडारण रोकने पर गहन मंथन का कोई नतीजा नहीं
Last Updated: Apr 20, 2023 12:00 AM (IST)