Search

 
 
 

धनबाद : डीसी की पहल पर रेमकी शहर की सफाई व्यवस्था संभालने को हुई तैयार

 

रविवार तक युद्ध स्तर पर  शहर को पूरी तरह स्वच्छ बनाने का मिला निर्देश

Dhanbad: कचरा डंप करने के लिए स्थायी जमीन की मांग पर अड़ी निगम की सफाई एजेंसी रैमकी शनिवार 19 अगस्त को डीसी वरुण रंजन के साथ वार्ता के बाद काम करने के लिए तैयार हो गई है. एजेंसी को युद्ध स्तर पर रविवार तक शहर को पूरी तरह स्वच्छ बनाने का निर्देश दिया गया है. ज्ञात हो कि चयनित डंपिंग यार्ड में स्थानीय लोगों के विरोध को देखते हुए शहरी क्षेत्र में रेमकी ने काम बंद कर दिया था. निगम अपने कर्मियों से सिर्फ सड़क की सफाई करा रहा था.

  विरोध करने पर मामला दर्ज कराएगा निगम

वार्ड से कचरा उठाव नहीं हो रहा था.  बारिश के कारण कचरों से बदबू आने लगी थी. डीसी के इस फैसले से अब लोगों को राहत मिलेगी. निगम भी अब एक ही स्थान छोड़ अलग अलग एरिया में कचरा डंप करेगा. विरोध करने वालों पर थाने में मामला भी दर्ज कराएगा. डीसी ने बैठक में यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ करने, पेयजल, बिजली सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं को लेकर धनबाद नगर निगम, ट्रैफिक डीएसपी, रोड कंस्ट्रक्शन डिवीजन सहित अन्य विभागों को भी निर्देश दिये.

  रविवार तक भरे जाएंगे सड़क के गड्ढे

गया पुल अंडर पास, श्रमिक चौक व पूजा टॉकीज चौक के पास सड़क की खराब स्थिति पर चर्चा के बाद डीसी ने आरसीडी के कार्यपालक अभियंता को तत्काल गड्ढे भरवाकर खराब सड़क को रविवार तक दुरुस्त करने का निर्देश दिया. इसके अलावा बैठक में नावाडीह, रानी बांध व अन्य क्षेत्रों में जल जमाव की समस्या दूर करने को भी कहा. डीसी ने कहा कि यातायात को सुदृढ़ करने, जिलेवासियों को बुनियादी सुविधाएं प्रदान करने व बार बार उत्पन्न समस्याओं का समाधान चरणबद्ध तरीके से करने के लिए जिला प्रशासन कृतसंकल्प है.

चौक-चौराहों पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने का निर्देश

डीसी ने शहर में वाहनों के बढ़ते दबाव को देखते हुए ट्रैफिक डीएसपी को श्रमिक चौक, स्टील गेट, बिरसा मुंडा चौक, जेपी चौक, सुभाष चौक सहित अन्य चौक चौराहे पर ट्रैफिक सिग्नल लगाने तथा अतिरिक्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति का निर्देश दिया है. बीसीसीएल, एनसीसी, सीआइएसएफ से सहयोग लेने को कहा है. उन्होंने अनुमंडल पदाधिकारी की अध्यक्षता में एक कमेटी का भी गठन किया. कमिटी में जिला परिवहन पदाधिकारी, ट्रैफिक डीएसपी तथा अपर नगर आयुक्त शामिल होंगे. कमेटी ट्रैफिक व्यवस्था को सिस्टमैटिक तरीके से सुदृढ़ करने के लिए विभिन्न बिंदुओं का आकलन करेगी. साथ ही डीसी ने संबंधित विभाग को टोटो और ऑटो का रूट निर्धारण करने, पार्किंग की व्यवस्था करने व सड़क से अतिक्रमण हटाने का भी निर्देश दिया है. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही