Search

 
 
 

धनबाद : अवैध कोयला खदान में चाल धंसने से एक मजदूर की मौत, 2 घायल

 
Nirsa : धनबाद (Dhanbad)">https://lagatar.in/wp-admin/post.php?post=315133&action=edit">(Dhanbad)

जिले के मुगमा में ईसीएल की अवैध कोयला खदान में चाल धंसने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि दो घायल हैं. घटना 22 मई की सुबह राजा कोलियरी ओसीपी के समीप की है. मजदूर बंद पड़ी खदान में चोरी-छिपे कोयला खनन कर रहे थे. तभी अचानक चाल धंस गई. हादसे के बाद साथी मजदूरों ने आनन-फानन में मृतक व दोनों घायलों को खदान से निकाल कर भाग खड़े हुए. आनन-फानन में मृतक का अंतिम संस्कार कर दिया गया. वहीं, घायलों का अस्‍पताल में गुप्त तरीके से इलाज करवाया जा रहा है. इधर, ईसीएल प्रबंधन और स्‍थानीय पुलिस ऐसी किसी भी घटना से साफ इनकार कर रहे हैं.

खदान में अहले सुबह कोयला काटने उतरे थे मजदूर

जानकार सूत्रों के अनुसार, रोज की तरह रविवार की अहले सुबह भी अवैध खदान में कोयला काटने के लिए मजदूर उतरे थे. इसी दौरान तेज आवाज के साथ अचानक खदान के एक हिस्से की चाल धंस गई. इसमें तीन मजदूर मलबे में दब गए. बगल में काम कर रहे अन्य मजदूर दौड़कर आए और सभी को मलबे से निकाला. इनमें से एक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हैं. स्थानीय लोगों ने बताया कि राजा कोलियरी ओसीपी और उसके बगल में स्थित अवैध खदान में सैकड़ों मजदूर उतरते हैं और कोयला काटकर ले जाते हैं.

3 दिन पहले तीन मजदूरों की हुई थी मौत

मालूम रहे कि निरसा में पहाड़ी बस्ती स्थित जंगल में 19 मई की शाम अवैध कोयला खनन के दौरान जहरीली गैस की चपेट में आकर तीन मजदूरों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई थी. मृतकों में फतेहपुर गांव के संजय हांसदा, सरफुद्दीन अंसारी व भुरकुंडाबाड़ी का खुर्शीद शामिल था. घटना के 2 दिन बाद से सही उक्त स्थान पर दोबारा कोयला की अवैध कटाई शुरू हो गई.

एनजीटी की टीम ने 2 दिन पहले अवैध खदानों की जांच की थी

अवैध कोयला खनन के दौरान मजदूरों की मौत के मामलों को देखते हुए एनजीटी ने 20 मई को अवैध उत्खनन स्थलों की जांच की थी. टीम गोपीनाथपुर कोलियरी ओसीपी, कापासारा ओसीपी व डुमरीजोर खदान का जायजा लिया था. एनजीटी की रोक के बावजूद निरसा व आसपास के क्षेत्र में अवैध कोयले का खनन जारी है. मजदूर दो जून की रोटी के लिए जान जोखिम में डालकर अवैध खदान में उतरते हैं. लेकिन कोयला चोरी का सबसे ज्यादा लाभ सफेदपोश तस्‍कर उठाते हैं.

कोलियरी प्रबंधन व पुलिस ने किया इनकार

इस संबंध में पूछे जाने पर निरसा थाना प्रभारी दिलीप कुमार यादव कहा कि उन्‍हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है. ईसीएल प्रबंधन व पुलिस की टीम अवैध उत्खनन स्थलों की नियमित रूप से जांच कर रही है. वहीं, राजा कोलियरी के अभिकर्ता कलवल भास्कर का कहना है कि ऐसी कोई भी घटना नहीं घटी है. यह महज अफवाह है. अवैध उत्खनन स्थलों की नियमित भराई करवाई जा रही है. यह भी पढ़ें : धनबाद">https://lagatar.in/wp-admin/post.php?post=315177&action=edit">धनबाद

: खुलेआम घूम रहे हत्या के आरोपी, पुलिस चिपका रही है इश्तेहार [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही