Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) समाहरणालय में सोमवार को उप विकास आयुक्त शशि प्रकाश सिंह की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई. बैठक में विगत जनवरी से मार्च तक जिले में हुई दुर्घटनाओं की जानकारी ली गई. पिछली बैठक में लिए गए निर्णय पर कार्रवाई बारे में संबंधित अधिकारियों से प्राप्त जानकारी के आधार पर विचार-विमर्श किया गया. वर्ष 2019,2020 एवं 2021 की दुर्घटना के आधार पर चिह्नित 18 ब्लैक स्पॉट पर दुर्घटनाओं को रोकने तथा एनएच 218, झरिया, कैस्ट्रोल शोरूम के समीप डिवाइडर में अवैध कट को बंद करने का निर्देश दिया गया. अनुमंडल पदाधिकारी, नगर निगम एवं ट्रैफिक डीएसपी को समिति का गठन कर असर्फी अस्पताल द्वारा सड़क पर किए जा रहे अतिक्रमण को हटाने का निर्देश दिया गया. डीडीसी ने एनएच पर ट्रक की पार्किंग रोकने का भी आदेश दिया. साथ ही बिना हेलमेट, सीट बेल्ट, लापरवाही से वाहन चलाने, सड़कों के किनारे भारी वाहनों की पार्किंग, बिना वैध नंबर प्लेट के वाहन चलाने, स्कूल बस एवं वैन द्वारा सुरक्षा मापदंडों का पालन नहीं करने पर सख्ती से कार्रवाई करने को कहा गया. बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी प्रेम कुमार तिवारी, जिला परिवहन पदाधिकारी राजेश कुमार सिंह, ट्रैफिक डीएसपी राजेश कुमार, नेशनल हाईवे, स्टेट हाइवे ऑथोरिटी ऑफ झारखंड, स्वास्थ्य विभाग, डीआरएसएम के प्रतिनिधि, विधायक एवं सांसद के प्रतिनिधि मौजूद थे. [wpse_comments_template]
धनबाद : सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में अवैध पार्किंग रोकने का आदेश
Last Updated: May 08, 2023 12:00 AM (IST)