Search

धनबाद: शहर की हृदयस्थली बैंक मोड़ में सड़क पर ही हो रही पार्किंग

Dhanbad : शहर की हृदयस्थली बैंक मोड़- धनसार रोड पार्किंग स्थल बन कर रहा गया है, जहां वाहनों की रफ्तार तो थम ही जाती है, पैदल चलना भी मुश्कल हो जाता है. भीड़भाड़ वालेइस बाजार में वाहनों के साथ खरीदारों व राहगीरों का रैला उमड़ता है, जबकि सड़क की चौड़ाई घट कर आधी रह गई है. शहर की अति व्यस्त जगहों में शुमार बैंकमोड़, धनसार रोड़, सिटी सेंटर, पुराना बाजार, हीरापुर हटिया, बरटांड़, सरायढेला, बिग बाजार के पास पार्किंग की व्यवस्था ही नहीं है. बैंक मोड़ के पार्किंग स्पेस को मॉल संचालकों ने दुकान के लिए बेच दिया है. लोग सड़कों पर वाहन खड़ा करने को विवश हैं. कुछ मॉल में पार्किंग स्पेस तो है, लेकिन शुल्क लगा दिया गया है या जितनी जगह है, उससे अधिक वाहन पहुंचने लगे हैं. अधिकतर मॉल के बाहर की सड़क पर दर्जनों अवैध वेंडर कब्जा जमाये बैठे हैं. धनसार रोड के कॉमर्स हाउस और होटल पोद्दार रिजेंसी के इतने वाहन पार्क होते हैं कि सड़क की चौड़ाई आधी हो जाती है. बस या बड़े वाहनों के गुजरने के समय हॉर्न की आवाज अलग से शांति भंग करती है. शहर की सड़कों पर जाम लग जाता है और उससे निकलने की जद्दोजहद करते आम आदमी को नगर निगम भी परेशान करता है. अतिक्रमण हटाने का दिखावा करने के बाद नगर निगम शहर की सड़कों को पार्किंग के लिए नीलाम कर देता है. फिर सड़कें अतिक्रमण की शिकार हो जाती हैं. बैंक मोड़ एरिया के लगभग आधा दर्जन मॉल के सामने की सड़क को नगर निगम ने पार्किंग के लिए नीलाम कर दिया है. शहर के मुख्य चौक-चौराहे व बैंक मोड़, धनसार रोड, मटकुरिया रोड़, कंबाइंड बिल्डिंग चौक स्थित सिटी सेंटर, भेला टांड़ स्थित प्रभातम मॉल, बैंक मोड़ चौक के सिटी स्टाइल व उसी क्षेत्र में आधा दर्जन मॉल, रणधीर वर्मा चौक के वी-मार्ट, सरायढेला में ओजोन गैलेरिया समेत अन्य जगहों की यही कहानी है. वाहनों व राहगीरों की संख्या के आगे सड़कें छोटी होती जा रही हैं और व्यवस्था मुंह बाये सब कुछ देखते रहने को विवश है. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp