Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) धनबाद सदर अस्पताल से अब मरीज परहेज कर रहे हैं. फिलहाल कुछ गिने चुने मरीज ही आ रहे हैं. विगत 15 दिनों में लगभग 30 प्रतिशत मरीजों की कमी हो गई है. सूत्रों की मानें तो यह अस्पताल की लापरवाही का नतीजा है. पिछले एक माह से अस्पताल में इलाज कराने आए मरीजों को अक्सर रेफर किया जा रहा है. रात्रि सेवा में भी कुछ गिने चुने डॉक्टर ही मौजूद रहते हैं. मरीजों के परिजन सदर अस्पताल की बजाय एसएनएमएमसीएच जाना ज्यादा मुनासिब समझ रहे है. सदर अस्पताल में मरीजो के लिए 100 बेड व लगभग 27 डॉक्टर हैं. बावजूद मरीज एसएनएमएमसीएच का रुख कर रहे हैं. उधर एसएनएमएमसीएच में मरीजों को बेड के लिए इंतजार करना पड़ रहा है. इधर कोर्ट मोड़ स्थित सदर अस्पताल मरीजों के इंतजार में है. नाम नहीं छापने की शर्त पर सदर अस्पताल में इलाज करा रहे मरीज के एक परिजन ने बताया कि पिछले कई दिनों से ज्यादातर मरीजो को रेफर किया जा रहा है. रात्रि के समय मे भी डॉक्टरों की कमी रहती है. वही सदर अस्पताल के नोडल पदाधिकारी राजकुमार सिंह का कहना है कि सदर अस्पताल इन दिनों पूरी रफ्तार में है. उनका कहना है कि अस्पताल में मरीजों का आना जाना तो लगा ही रहता है. जो मरीज ठीक हो रहे हैं, उन्हें डिस्चार्ज किया जा रहा है. अस्पताल में मरीजों के नहीं आने का कारण जानकारी का अभाव है. उन्होंने बताया कि जानकारी के अभाव में बहुत लोग शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंच रहे हैं. [wpse_comments_template]
धनबाद: सदर अस्पताल नहीं आ रहे मरीज, जानकारी का अभाव या इलाज में असुविधा !
Last Updated: Jan 10, 2023 12:00 AM (IST)