Ram murti Pathak Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) धनबाद कोयलांचल में इन दिनों लोग धरती के नीचे सुलग रही और ऊपर दहकती आग से लगातार झुलस रहे हैं. कभी दीये की लौ, कभी शॉर्ट सर्किट तो कभी बीड़ी की चिनगारी से आग की लपटें उठ रही हैं और देखते ही देखते या तो जिंदगियां भस्म हो जाती हैं या फिर लाखों की संपत्ति राख में तब्दील हो जाती है. जब तक दमकल गाड़ी पहुंचती है, तब तक बहुत कुछ खो चुका होता है. झाड़ियों से लेकर दुकान और अपार्टमेंट से अस्पताल तक धधकती आग ने पूरे शहर को दहशत से भर दिया है. हालत यह है कि कुछ लोग इसे दैवी प्रकोप बता रहे हैं तो कई लोगों का कहना है कि धनबाद को किसी की नजर लग गई है. हर रोज कहीं न कहीं आग लगने की सूचना मिलती है और मन भयभीत हो उठता है. अगलगी की तीन बड़ी घटनाओं को याद कर लोग सिहर उठते हैं. इससे पहले आग ने कभी इतना भयावह दृश्य खड़ा नहीं किया.
डॉक्टर दंपती की मौत से लगा पहला सदमा
विगत एक माह के अंदर आग में 19 लोग जान गंवा चुके हैं. 27 जनवरी शुक्रवार को पुराना बाजार एक्सचेंज रोड़ आरसी हाजरा हॉस्पिटल में देर रात आग लगी, जिसमें शहर के प्रसिद्ध डॉक्टर दंपती सहित 5 लोगों की मौत हो गई. ठीक तीन दिन बाद 30 जनवरी को कुमारधुबी में 25 दुकानें जल गई, जिसमें लाखों का सामान खाक हो गया. आशीर्वाद टावर की आग से हिल गया पूरा शहर
31 जनवरी को जोड़ा फाटक रोड के आशीर्वाद टावर की आग ने तो पूरे कोयलांचल को हिलाकर रख दिया. शादी समारोह में आए 14 लोग देखते ही देखते काल के गाल में समा गए. फिर 11 फरवरी को सेंटर पॉइंट मॉल में जूतों के गोदाम में आग लग गई. 12 फरवरी को पीके रॉय कॉलेज के आगे झाड़ियो में आग ने लोगों को फिर किसी अनहोनी की आशंका से भर दिया. सरायढेला सब्जी मंडी में लगी आग, 30 दुकानें खाक
20 फरवरी सोमवार की रात सरायढेला सब्जी मंडी में आग लग गई. देखते ही देखते स्टील गेट रोड किनारे की दुकानें जलकर राख हो गई. वही दुकानदारों को अगलगी की घटना ने तोड़ कर रख दिया. लाखो की संपति जलकर स्वाहा हो गई. लगभग 30 दुकानें आग की चपेट में आ गई 20 लाख की हुई छती.वही सब्जी मंडी में यह अगलगी की तीसरी घटना है. आग लगते ही खड़े हो जाते हैं रोंगटे
गोविंदपुर स्थित आपनो घर के समीप श्रीपुरम अपार्टमेंट में आग को हालांकि कुछ ही क्षणों में बुझा लिया गया, मगर आसपास के लोगों के रोंगटे खड़े हो गए. 13 फरवरी को राजगंज के दलदली हीरक रोड की कुंज विहार कॉलोनी की झाड़ियों में और सरायढेला के 8 मंजिला ओजोन गैलरिया मॉल की छत पर एक रेस्टोरेंट में शार्ट सर्किट से लगी आग से भी कुछ क्षण के लिए दहशत फैल गई. 22 फरवरी बुधवार को दामोदरपुर पोस्ट ऑफिस के सामने गोपाल साव के खपरैल आवास पर आग लग गई. उसी दिन भिस्तीपाड़ा स्थित श्री श्याम कुंज अपार्टमेंट में ट्रांसफर से तेल लीक के बाद आग लग गई. जिसमे बिजली मिस्त्री और गार्ड झुलस गए. आग लगे तो 112 पर करें फोन
अगलगी की इन घटनाओं से जिला प्रशासन भी चौकस हो गया है. जगह-जगह आपदा प्रबंधन विभाग लोगों को दुर्घटनाओं में बचाव कार्य का प्रशिक्षण दे रहा है. पुलिस महकमे में भी अधिकारियों व कर्मियों को प्रशिक्षित करने का अभियान चलाया जा रहा है, जबकि प्रशासन व अग्निशमन विभाग ने आपात कालीन फोन नंबर जारी कर लोगों को सावधान किया है. आग लगने पर नंबर 112 पर फोन करने की सलाह दी गई है. इसके अलावा धनबाद अग्निशमन विभाग का मोबाइल नंबर 9304953429 पर सूचना देने को कहा गया है. [wpse_comments_template]
Leave a Comment