Search

 
 
 

धनबाद : बरवाअड्डा में 54 लाख का फेंसेडिल कफ सिरप जब्त

 

गोदाम से 26 हजार बोतल सिरप बरामद, गुजरात में एक ट्रक दवा पकड़ाने के बाद पहुंची थी पुलिस

Barwadda (Dhanbad) : बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के भेलाटांड़ पानी टंकी के पास गोदाम में छापेमारी कर पुलिस ने सोमवार को ड्रग इंस्पेक्टर व मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में 26 हजार बोतल फेंसेडिल कफ सिरप जब्त किया है. दवा की बाजार कीमत लगभग 54 लाख रुपये है. बरवाअड्डा पुलिस ने गुजरात पुलिस की सूचना पर यह कार्रवाई की है. दरअसल, पुलिस ने गुजरात में एक ट्रक पकड़ा था, जिसमें अवैध तरीके से फेंसेडिल सिरप की पेटियां ले जाई जा रही थीं. पुलिस ने एनडीपीएस के तहत मामला दर्ज किया था. ट्रक चालक ने पुलिस को बताया था कि सिरप की पेटियां झारखंड के धनबाद स्थित बरवाअड्डा से लोड की गई थीं. चालक को लेकर गुजरात पुलिस रविवार को बरवाअड्डा पहुंची. इसके बाद बरवाअड्डा थाना पुलिस को लेकर गोदाम गई. लेकिन भनक पाकर इससे पहले ही वहां काम कर रहे कर्मचारी गोदाम में ताला बंदकर कर भाग निकले. गोदाम का मालिक भी फरार हो गया.

मजिस्ट्रेट की देखरेख में ताला तोड़ सिरप जब्त 

इसके बाद टीम ने धनबाद के एसडीओ को आवेदन देकर मामले की जानकारी दी. एसडीओ ने सोमवार को वीरेंद्र कुमार विश्वकर्मा को मजिस्ट्रेट नियुक्त कर जांच का आदेश दिया. इसके बाद मजिस्ट्रेट की देखरेख में गोदाम के ताले तोड़कर अवैध तरीके से भंडारण किए कफ सिरप को जब्त किया गया. इस कार्यवाही में बरवाअड्डा थाना प्रभारी सुनील कुमार रवि, ड्रग इंस्पेक्टर रंजीत चौधरी और घनश्याम कुमार मौजूद थे. गोदाम में रखे कफ सिरप को ड्रग इंस्पेक्टर ने जब्त कर अपने कब्जे में ले लिया. वहीं गोदाम में खड़े एक मिनी ट्रक और लगभग 60 बोरा गेहूं को पुलिस ने जब्त कर गोदाम को सील कर दिया. डीएसपी शंकर कांति ने भी गोदाम पहुंचकर मामले की जानकारी ली और थाना प्रभारी को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये.

डॉक्टर की प्रिस्क्रिप्शन पर ही बेचने की अनुमति

ड्रग इंस्पेक्टर रंजीत चौधरी ने बताया कि यह कफ सिरप केवल डॉक्टर की प्रिस्क्रिप्शन पर ही बेचने की अनुमति है. बिना कागजात और लाइसेंस के गोदाम रखना गैर कानूनी है. इस मामले में गोदाम मालिक उपेंद्र सिंह और गोदाम को किराये पर लेने वाले बनारस निवासी उमेश सिंह पर एनडीपीएस के तहत एफआईआर दर्ज की जाएगी. ज्ञात हो कि लोग फेंसेडिल सिरप का इस्तेमाल नशे के तौर पर भी करते हैं. सिरप की इतनी बड़ी खेप पकड़ा जाना बता रहा है कि इस सिरप का कितना बड़ा कारोबार फैला हुआ है. धनबाद से गुजरात तक आपूर्ति मामले की पड़ताल की जाए, तो कई बड़े खुलासे होंगे. यह भी पढ़ें : पुटकी">https://lagatar.in/putki-uproar-bombing-during-mahila-samitis-protest/">पुटकी

: महिला समिति के धरना में हंगामा, बमबाजी
[wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही