Search

धनबाद: सड़क पर शव रख प्रदर्शन कर रहे लोगों पर पुलिस ने बरसाई लाठियां

Jharia : जोड़ापोखर थाना क्षेत्र के जामाडोबा चार नम्बर बेंकड के पास दूध विक्रेता चन्ददेव यादव उर्फ चांदो की हत्या सोमवार 12 जून की रात अपराधियों ने कर दी थी. जोड़ापोखर पुलिस ने शव मंगलवार 13 जून को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. पोस्टमार्टम के बाद दोपहर शव आवास पहुंचा. शव के पहुंचते ही परिजन व आसपास के लोग आक्रोशित हो गए. लगभग 2 बजे परिजनों ने शव बीच सड़क पर रख जामाडोबा-पुटकी मुख्य मार्ग को पूरी तरह से जाम कर दिया.

   प्रदर्शनकारियों ने खूब मचाया उत्पात

आक्रोशित प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर खूब उत्पात मचाया और आते जाते राहगीरों की पिटाई कर दी. सूचना पाकर बोर्रागढ़ ओपी, जोड़ापोखर थाना, भौरा ओपी व झरिया थाना की पुलिस पहुंची. पुलिस ने हालात पर काबू पाने का  प्रयास किया. परंतु प्रदर्शनकारी मुवावजा राशि व अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े रहे.

  नेताओं के समझाने पर भी नहीं माने लोग

इस बीच विधायक प्रतिनिधि के डी पांडेय, सूरज सिंह समेत कई स्थानीय नेताओं ने प्रदर्शन कर रहे लोगों को काफी समझाया. मगर आक्रोशित लोगों ने उनकी एक नहीं सुनी तो सभी नेता वहां से चले गए. इसी बीच पुलिस ने बीच सड़क पर पड़े शव को हटाना चाहा तो लोग भड़क गए और पुलिस पर पथराव कर दिया. इसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज शुरू कर दिया.

सीओ ने समझा-बुझाकर किया शांत

लाठीचार्ज से अफरातफरी व भगदड़ का माहौल बन गया. लाठीचार्ज व पत्थरबाजी का सिलसिला लगभग दो घंटे चला. जानकारी मिलते ही लगभग छह बजे झरिया अंचल अधिकारी प्रमेश कुशवाहा घटनास्थल पर पहुंचे व आक्रोशित ग्रामीणों को समझा बुझा कर मामले पर काबू पाया.

 क़ानून सम्मत कार्रवाई का दिया आश्वासन

अंचलाधिकारी ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है. क़ानून सम्मत कार्रवाई की जा रही है. सरकार द्वारा निर्धारित मुआवजे की राशि परिजनों को दी जाएगी. मृतक के पुत्र रंजीत यादव का कहना था कि वे सभी हत्यारों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे. मगर पुलिस ने सभी को खदेड़ दिया. साथ ही जमकर लाठियां बरसाई. पुलिस को अपराधियों को पकड़ने में बल का उपयोग करना चाहिए. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp