Search

 
 
 

दुर्गा पूजा को लेकर धनबाद पुलिस अलर्ट, हर पंडाल की होगी निगरानी, डीजे बजा तो लाइसेंस रद्द

Dhanbad News : एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के प्रत्येक पूजा पंडाल का निरीक्षण करने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. पंडालों में सीसीटीवी, अग्निशमन व्यवस्था और महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश व निकास द्वार की व्यवस्था अनिवार्य करने को कहा गया.
 
एसएसपी की अध्यक्षता में बैठक

Dhanbad News :  दुर्गा पूजा के दौरान सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने को लेकर मंगलवार देर शाम समाहरणालय स्थित पुलिस सभागार में एसएसपी प्रभात कुमार की अध्यक्षता में विशेष बैठक हुई.

 

बैठक में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, आईपीएस अंकित सिन्हा समेत सभी डीएसपी, एसडीपीओ, इंस्पेक्टर और थाना-ओपी प्रभारी मौजूद रहे. बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, यातायात प्रबंधन, रात्रि गश्ती, चोरी-गृहभेदन की रोकथाम और आर्म्स एक्ट के लंबित मामलों के निष्पादन को लेकर दिशा-निर्देश दिए गए.

 

Uploaded Image

सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी सहित कई पुलिस अधिकारी हुए शामिल

हर पंडाल का थाना प्रभारी करेंगे निरीक्षण

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को अपने क्षेत्र के प्रत्येक पूजा पंडाल का निरीक्षण करने और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने का निर्देश दिया. पंडालों में सीसीटीवी, अग्निशमन व्यवस्था और महिला-पुरुष श्रद्धालुओं के लिए अलग-अलग प्रवेश व निकास द्वार की व्यवस्था अनिवार्य करने को कहा गया. पंडालों के समीप सहायता केंद्र बनाकर पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, अस्पताल, अग्निशमन और बिजली विभाग के जरूरी नंबर प्रदर्शित करने का भी निर्देश दिया गया.

 

डीजे बजा तो होगी सख्त कार्रवाई

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि दुर्गा पूजा से विसर्जन तक डीजे का इस्तेमाल करने वाली पूजा समिति का लाइसेंस तत्काल रद्द किया जाएगा. समिति के पदाधिकारियों पर कानूनी कार्रवाई के साथ डीजे जब्त करने और साउंड ऑपरेटर के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने का निर्देश दिया गया है.

 

यातायात के लिए विशेष प्लान

पूजा के दौरान शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में यातायात सुचारू रखने के लिए विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी. ऑटो-टोटो की मनमानी, गलत पार्किंग और यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ अभियान चलाया जाएगा. श्रमिक चौक की जर्जर सड़क और बरमसिया पुल के समीप एफसीआई वाहनों की पार्किंग से होने वाली परेशानी को दूर करने के लिए भी आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया गया.

 

आठ जोन में होगी रात्रि गश्ती

चोरी और गृहभेदन रोकने के लिए जिले के थाना क्षेत्रों को आठ जोन में बांटा गया है. इंस्पेक्टर स्तर के नोडल थाना प्रभारी प्रत्येक रात अपने जोन में भ्रमणशील रहकर गश्ती की निगरानी करेंगे. आठ जोन को तीन सुपर जोन में बांटकर डीएसपी और एसडीपीओ स्तर के अधिकारियों को निगरानी की जिम्मेदारी दी गई है. एसएसपी, सिटी एसपी और ग्रामीण एसपी भी स्वयं क्षेत्र में भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का औचक निरीक्षण करेंगे.

 

दो माह में आर्म्स एक्ट के लंबित मामलों का निष्पादन

एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को आर्म्स एक्ट के लंबित मामलों की समीक्षा कर दो माह के भीतर उनका निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया. उन्होंने कहा कि दुर्गा पूजा के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है. सुरक्षा या गश्ती व्यवस्था में लापरवाही मिलने पर संबंधित अधिकारियों और कर्मियों की जवाबदेही तय की जाएगी.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही