Dhanbad : कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद में 7 अगस्त को हुए भू-धंसान के बाद प्रभावित परिवारों का अनिश्चितकालीन आशियाना आंदोलन रविवार को नौवें दिन भी जारी रहा. STG आउटसोर्सिंग कंपनी के स्थल के सामने धरने पर बैठे प्रभावित परिवारों के बीच रविवार को कांग्रेस के कई दिग्गज नेता पहुंचे. बता दें छाताबाद भू-धंसान का मामला अब पूरी तरह सियासी रंग लेता नजर आ रहा है.
धरना स्थल पर कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू, सह प्रभारी भूपेंद्र मरावी, स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी, बेरमो विधायक अनूप सिंह, पूर्व विधायक जलेश्वर महतो, पूर्व विधायक अंबा प्रसाद, कांग्रेस जिलाध्यक्ष संतोष सिंह और वरिष्ठ नेता शमशेर आलम पहुंचे. नेताओं ने प्रभावित परिवारों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं और हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.
सीएमडी से वार्ता की, मुआवजे और पुनर्वास का मुद्दा उठाया
बेरमो विधायक अनूप सिंह ने धरने पर बैठे लोगों की बातचीत बीसीसीएल सीएमडी मनोज अग्रवाल से फोन पर कराई. बातचीत के दौरान गैर-रैयत प्रभावितों को ढाई लाख रुपये तथा रैयतों को जमीन के मूल्य का चार गुना मुआवजा देने के साथ दो फ्लैट उपलब्ध कराने की मांग रखी गई. प्रभावितों के प्रतिनिधिमंडल की बीसीसीएल सीएमडी के कार्यालय में वार्ता कराने पर भी सहमति बनी.
झारखंड की खबरों के लिए यहां क्लिक करें
अनूप सिंह ने सांसद ढुल्लू महतो पर बोला हमला
बेरमो विधायक अनूप सिंह ने धनबाद सांसद ढुल्लू महतो और बाघमारा विधायक शत्रुध्न महतो पर भी निशाना साधा. उन्होंने आरोप लगाया कि गरीब मजदूर का बेटा होने का दावा करने वाले सांसद 15 गाड़ियों के काफिले में चलते हैं जबकि भू-धंसान से प्रभावित गरीब परिवारों की मदद के लिए आगे नहीं आए.
अनूप सिंह ने सांसद पर कोयला चोरी को बढ़ावा देने का गंभीर आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा कि बाहर से आकर यहां बसने के बावजूद झारखंडी होने का दावा किया जा रहा है. उन्होंने बाघमारा में कथित तौर पर गुंडाराज चलने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस प्रभावित परिवारों को बीसीसीएल से उचित मुआवजा और सुरक्षित पुनर्वास दिलाकर ही दम लेगी.
कांग्रेस नेताओं ने घोषणा की कि प्रभावित परिवारों की मांगों को लेकर बीसीसीएल प्रबंधन के साथ वार्ता की जाएगी.इसके बाद सभी नेता भू-धंसान स्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया. स्वास्थ्य मंत्री ने एसडीएम को प्रभावित परिवारों को जिला प्रशासन की ओर से हर संभव सहयोग उपलब्ध कराने का निर्देश दिया.
मांगें नहीं मानी गईं तो कोयला भवन पर धरना : इरफान अंसारी
स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी ने कहा कि छाताबाद में भू-धंसान की घटना में करीब 15 घर जमींदोज हुए हैं और प्रभावित परिवार पिछले कई दिनों से आंदोलन कर रहे हैं. उन्होंने भाजपा सांसद और विधायक पर प्रभावितों की मदद के लिए आगे नहीं आने का आरोप लगाया.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है.बीसीसीएल सीएमडी के साथ वार्ता की जाएगी. यदि वार्ता सफल नहीं हुई तो वह खुद बीसीसीएल मुख्यालय कोयला भवन के गेट पर धरने पर बैठेंगे.
कांग्रेस प्रभारी बोले, दोबारा भू-धंसान न हो, इसकी जिम्मेदारी बीसीसीएल की
कांग्रेस के झारखंड प्रभारी के राजू ने कहा कि छाताबाद के लोगों के साथ कांग्रेस मजबूती से खड़ी है. उन्होंने कहा कि भविष्य में दोबारा इस तरह की भू-धंसान की घटना न हो यह सुनिश्चित करना बीसीसीएल प्रबंधन की जिम्मेदारी है. उन्होंने घटना के लिए बीसीसीएल प्रबंधन को जिम्मेदार ठहराते हुए प्रभावितों के सुरक्षित पुनर्वास और उचित मुआवजे की मांग की.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.