Search

 
 
 

धनबादः सरायढ़ेला में मुठभेड़ प्रिंस खान का शूटर सुदीश ओझा घायल, एक की तलाश जारी

Dhanbad: धनबाद के सरायढ़ेला थाना क्षेत्र में पुलिस व गैंगस्टर प्रिंस खान के शूटरों के बीच हुए मुठभेड़ में एक अपराधी गोली लगने से घायल हो गया है. अपराधी की पहचान सुदीश ओझा के रुप में हुई है. जबकि एक अन्य अपराधी फरार होने में सफल रहा है. पुलिस फरार अपराधी की तलाश कर रही है.
 
अपराध का स्कैच AI द्वारा तैयार किया हुआ.
  • जैप-तीन के फायरिंग रेंज के पास हुई मुठभेड़.

Dhanbad: धनबाद के सरायढ़ेला थाना क्षेत्र में पुलिस व गैंगस्टर प्रिंस खान के शूटरों के बीच रविवार की दोपहर हुई मुठभेड़ में एक अपराधी घायल हो गया है. पुलिस की गोली लगने से घायल अपराधी की पहचान सुदीश ओझा के रुप में हुई है, जबकि एक अन्य अपराधी फरार होने में सफल रहा है. पुलिस फरार अपराधी की तलाश कर रही है. मुठभेड़ में एक पुलिसकर्मी के घायल होने की भी खबर है. उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया है.

 

मुठभेड़ के बाद धनबाद एसएसपी प्रभात कुमार ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि अपराधी रंगदारी लेने आए थे. इसी दौरान पुलिस को इसकी सूचना मिली. जिसके बाद पुलिस ने इलाके की घेराबंदी कर दी. घेराबंदी के दौरान आरोपी भागने की कोशिश करने लगा. उसके पास हथियार था और उसने पहले फायरिंग की, जिसमें एक सब-इंस्पेक्टर बालमुकुंद के हाथ में गोली लग गई. आरोपी के पास दो बम थे, जिसमें एक बम उसने पुलिस के ऊपर फेंके.

 

अपराधियों द्वारा की गई फायरिंग व हमले के बाद जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें आरोपी के दोनों पैरों में गोली लगी. घायल आरोपी और घायल पुलिसकर्मी दोनों को इलाज के लिए असर्फी अस्पताल भेज दिया गया है. एसएसपी ने बताया कि मौके पर दो अपराधी थे, जिनमें से एक घायल हुआ है जबकि दूसरा भागने में सफल रहा. फरार आरोपी की तलाश के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. मौके से एक जिंदा बम भी बरामद किया गया है.

 

Uploaded Image

 

जानकारी के मुताबिक पुलिस को सूचना मिली थी कि सरायढ़ेला थाना क्षेत्र में जैप-तीन के फायरिंग रेंज के पास प्रिंस खान गिरोह के अपराधी रंगदारी वसूलने आये थे. इसी सूचना पर पुलिस की टीम को वहां भेजा गया था. पुलिस से घिरा देख अपराधियों ने पुलिस की टीम पर फायरिंग शुरु कर दी. जिसके जवाब में पुलिस ने भी फायरिंग की. घायल अपराधी की पुलिस को लंबे समय से तलाश थी. वह कई आपराधिक घटनाओं में वांटेड था.

 

उल्लेखनीय है कि अपराधी प्रिंस खान विदेश में रहकर झारखंड में अपने गुर्गों के माध्यम से रंगदारी वसूल रहा है. धनबाद, जमशेदपुर, रांची समेत कई जिलों में उसने गुर्गे पाल रखे हैं. वह पहले विदेश से फोन करके रंगदारी मांगता है और रंगदारी नहीं दोने पर अपने गुर्गों की मदद से व्यवसायियों को निशाना बनाता है. ताकि दहशत पैदा करके रंगदारी की वसूली की जा सके. 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही