Katras : छह ठेकाकर्मी की मौत के बाद भी रेलवे प्रबंधन लापरवाह बना हुआ है. गोमो-धनबाद रेलखंड के तेतुलमारी स्टेशन से लेकर निचिपुर स्टेशन तक बुधवार को ट्रैक लगाने के दौरान मजदूरों की जान के साथ खिलवाड़ करने का नजारा देखने को मिला. कार्य के दौरान मजदूर बिना सुरक्षा उपकरण के ही कार्य में लगे रहे. ज्यादातर मजदूरों को जूता-टोपी व ग्लव्स उपलब्ध नहीं कराया गया था. मजदूर बिना टोपी, ग्लब्स के ही काम कर रहे थे. आश्चर्य की बात यह कि मजदूर चलती टीआरटी मशीन के बीच घुसकर काम कर रहे थे. उनके माथे पर न तो हेलमेट था, न ही हाथों में ग्लब्स थे. रेलवे ट्रेक पर भारी भरकम स्लैब लगाने वाले अधिकतर मजदूरों ने चप्पल पहन रखा था. उनके भी माथे पर हेलमेट नहीं था. विडंबना ये कि कार्य के दौरान रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी वहां जायजा लेने पहुंचे. कई अधिकारियों ने ऑफ कैमरा सुरक्षा में कमी होने की बात स्वीकार की. हालांकि कैमरा के सामने बोलने से अधिकारी बचते रहे. ज्ञात हो कि पूर्व में इसी कार्यस्थल पर बिना सुरक्षा उपकरण के कार्य कर रहे छह ठेकाकमियों की मौत हुई थी. मामले को लेकर जब एडीएन शुभम पटेल से से बात की गई, उन्होंने चुप्पी साध ली.
धनबाद : 6 ठेकाकर्मियों की मौत के बाद भी रेलवे लापरवाह
Last Updated: Aug 29, 2024 12:00 AM (IST)