Search

धनबाद : शहर में सड़कें हो रही संकरी, अवैध कब्जाधारियों का सीना चौड़ा

Niraj Kumar Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) बीते दो दशक में शहर की मुख्य सड़कें संकरी हो रही हैं, जबकि बाजारों में बड़े-बड़े मॉल शान से खड़े हो रहे हैं.   मॉल में एक छत के नीचे हर तरह के सामान मिलने से लोगों का उनके प्रति आकर्षण भी बढ़ा है. परंतु खुश होने की इन सभी चीजों के बीच दुष्परिणाम स्वरूप सड़कों का बुरा हाल हो गया है. सड़कें अवैध पार्किंग, स्टैंड व अवैध वेंडर चौपाटी बन कर रह गई हैं. मॉल के समीप की मुख्य सड़क अतिक्रमण के कारण गली मोहल्लों की गली सी दिखती है. शहर के मुख्य चौक-चौराहे व कंबाइंड बिल्डिंग चौक स्थित सिटी सेंटर, भेला टांड़ स्थित प्रभातम मॉल, बैंक मोड़ चौक के सिटी स्टाइल व उसी क्षेत्र में आधा दर्जन मॉल, रणधीर वर्मा चौक के वी-मार्ट, सरायढेला में ओजोन गैलेरिया समेत अन्य जगहों की यही कहानी है.

  अधिकतर मॉल में नहीं हैं पार्किंग स्पेस

शहर के बड़े मॉल ओजोन गैलेरिया, प्रभातम, ओजोन प्लाजा समेत अन्य मॉल में पार्किंग स्पेस ही नहीं है. शहर की हृदयस्थली सिटी सेंटर के पार्किंग स्पेस को मॉल संचालकों ने दुकान के लिए बेच दिया है. लोग सड़कों पर वाहन खड़ा करने को मजबूर हैं. कुछ मॉल में पार्किंग स्पेस तो है, लेकिन शुल्क लगा दिया गया है या जगह से अधिक वाहन पहुंचने लगे हैं.

 सड़कों की छाती पर अवैध वेंडरों का भी कब्जा

जिले के अधिकतर मॉल के बाहर की सड़क पर दर्जनों अवैध वेंडर कब्जा जमाये बैठे हैं. सिटी सेंटर के बाहर एक दर्जन से अधिक फ़ास्ट फ़ूड की दुकानें सजती हैं, जहां दिन भर  ग्राहकों की भीड़ उमड़ती है. इस कारण यहां इतने वाहन पार्क होते हैं कि सड़क की चौड़ाई मूल से आधी भी नहीं रह जाती. बस या बड़े वाहनों के गुजरने के समय हॉर्न की चिल्ल-पों सुनी जा सकती है.

  पार्किंग के लिए सड़क को भी नीलाम करता है निगम

शहर की सड़कों पर जाम से निकलने की जद्दोजहद करते आम आदमी को नगर निगम भी कम परेशान नहीं करता है. अतिक्रमण हटाने का दिखावा करने के बाद नगर निगम शहर की सड़कों को पार्किंग के लिए नीलाम कर देता है. सिटी सेंटर, बैंक मोड़ एरिया के लगभग आधा दर्जन मॉल के सामने की सड़क को नगर निगम ने पार्किंग के लिए नीलाम कर दिया है. सूत्रों की माने तो अप्रैल 2023 से निगम जिले में कहीं भी पार्किंग स्टैंड की नीलामी नहीं करेगा. हालांकि अभी अंतिम निर्णय नहीं हुआ है. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp