Search

धनबाद: विक्ट्री कोलियरी में कर्मियों को बंधक बनाकर डेढ़ लाख के केबल की लूट

Jharia: झरिया (Jharia) बस्ताकोला कोलियरी क्षेत्र की बंद विक्ट्री खदान में सैकड़ों फीट गहरे अंडरग्राउंड से गुरुवार 4 मई की रात्रि पाली में लुटेरों ने माइनिंग सरदार संजय कुमार सोनिक, ओवरमैन उपेंद्र सिंह सहित आधा दर्जन कर्मियों को हथियार के बल पर बंधक बनाकर पंप के लगभग 60 मीटर केबल काट लिये. लूटे गए केबल की कीमत लगभग डेढ़ लाख बताई जा रही है. केबल कटने से विक्ट्री कॉलोनी, दुर्गा स्थान, दुमहल्ला की लगभग पांच हजार आबादी वाले क्षेत्र में पिटवाटर की आपूर्ति ठप है. सूचना पाकर अभियंता दीपक कुमार और एसीएम गौरव अग्रवाल ने शुक्रवार को मामले की छानबीन की. दूसरा केबल लगाकर प्रबंधन जलापूर्ति शुरू कराने मे जुटा है.

   15 से अधिक बार केबल लूटा

इस संबंध मे बस्ताकोला कोलियरी पीओ एके शर्मा ने झरिया थाना में लूट की शिकायत की है. लुटेरे बस्ताकोला आउटसोर्सिंग में बने सिरमुहान के जरिये खदान के अंदर घुस जाते हैं. बंद अंडरग्राउंड में केबल लूट की घटना पर प्रबंधन लाचार दिख रहा है. दो साल के अंदर यहां से लुटेरों ने 15 से अधिक बार केबल लूटा है. इसके पूर्व 26 दिसंबर 2019 को लुटेरों ने पूर्व एसीएम सौरभ कुमार,अभियंता गौरव कुमार की पिटाई कर दी थी. यहां काम करने वाले कर्मियों में हमेशा भय बना रहता है. कर्मियों का कहना है कि सैकड़ों फीट गहरी खदान में लूट के बाद घंटों अपराधी अंदर रहते हैं. फिर भी पकड़े नहीं जाते हैं.

 हर बार करते हैं शिकायत, कार्रवाई नदारद

पहले लुटेरे इस खदान में विश्वकर्मा परियोजना के सिरमुहान से घुसते थे. अब बीसीसीएल विभागीय पैच चालू होने से सभी सिरमुहान बंद हो गए. इसके बाद अपराधियों ने बस्ताकोला आउटसोर्सिंग में उत्पादन के लिए बने सिरमुहान को अपना रास्ता बना लिया है. बस्ताकोला कोलियरी प्रबंधन सिरमुहानों को बंद करने की तैयारी में जुटी है. दो साल के अंदर डेढ़ दर्जन बार लूट हुई. प्रबंधन ने हर बार थाना में शिकायत की. बावजूद लूट रुक नहीं रही है.

 जांच कर रहे हैं, शीघ्र कार्रवाई होगी : एसके सिंह

बस्ताकोला कोलियरी के पीओ एके शर्मा कहते हैं कि जब भी ऐसी घटना घटती है, थाना मे शिकायत करते हैं. पर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होती. वह कहते हैं कि लुटेरे सिरमुहान के अंदर किस रास्ते से घूस रहे हैं, इसकी जांच की जा रही है. संदेह है कि बस्ताकोला आउटसोर्सिंग बने गैलरी सिरमुहान से घूस रहे हैं. एक सिरमुहान को बंद कर दिया गया है. अन्य मुहाने को भी बंद कर दिया जाएगा. झरिया के इंस्पेक्टर एसके सिंह ने कहा कि  आवेदन मिला है, जांच कर रहे हैं. शीघ्र कार्रवाई की जाएगी.

इस खदान से लूट की प्रमुख घटनाएं

26 दिसंबर 2019 30 सितंबर 2020 20 दिसंबर 2020 26 जनवरी 2021 14 मार्च 2021 6 जून 2021 11 जुलाई 2021 26 जुलाई 2021 26 सितंबर 2021 03 नवंबर 2021 18 नवंबर 2021 1 दिसंबर 2022 4 मई 2023 [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp