Search

 
 
 

धनबाद RPF की बड़ी कार्रवाई, दून एक्सप्रेस से 78 जीवित कछुए बरामद

रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन WILEP के तहत शुक्रवार तड़के योग नगरी ऋषिकेश–हावड़ा दून एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13010) के महिला कोच से 78 जीवित कछुए बरामद किए हैं. बरामद किए गए कछुए का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 7.8 लाख रुपये बताया गया है.
 
  • वन्यजीव तस्करी का प्रयास नाकाम
  • बरामद कछुए की कीमत 7.8 लाख रुपये

Dhanbad :  रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने ऑपरेशन WILEP के तहत शुक्रवार तड़के योग नगरी ऋषिकेश–हावड़ा दून एक्सप्रेस (गाड़ी संख्या 13010) के महिला कोच से 78 जीवित कछुए बरामद किए हैं. बरामद किए गए कछुए का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 7.8 लाख रुपये बताया गया है.

 

जानकारी के अनुसार, वरीय मंडल सुरक्षा आयुक्त, धनबाद के निर्देश पर तैनात आरपीएफ की टास्क टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि दून एक्सप्रेस के महिला कोच में भारी मात्रा में वन्यजीवों की तस्करी की जा रही है. सूचना पर तत्काल कार्रवाई करते हुए टीम प्लेटफॉर्म संख्या 02 पर पहुंची और ट्रेन के आने पर महिला कोच की तलाशी ली.

 

जांच के दौरान सीट के नीचे से कपड़े के छह लावारिस थैले बरामद हुए. जब टीम ने आसपास की महिला यात्रियों से पूछताछ की तो किसी ने भी उन थैलों पर दावा नहीं किया. संदेह होने पर थैले खोले गए, जिनमें जूट के बोरे में बंद 78 जीवित इंडियन फ्लैपशेल (Lissemys punctata) प्रजाति के कछुए पाए गए.

 

आरपीएफ ने सभी कछुए जब्त कर वन्यजीव संरक्षण अधिनियम 1972 के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है. साथ ही वन विभाग को भी इसकी सूचना दी. वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची, जिसके बाद बरामद कछुए को वन क्षेत्र पदाधिकारी धनबाद को सुपुर्द कर दिया गया.

 

इस संबंध में आरपीएफ के अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में अज्ञात तस्करों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है. उन्होंने कहा कि यह सफल अभियान वन्यजीव तस्करी पर अंकुश लगाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही