Search

 
 
 

धनबादः चिरकुंडा में भाजपा समर्थित प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय में बवाल, मारपीट

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भाजपा समर्थित उम्मीदवार बर्नाली बाउरी के चुनाव कार्यालय के समीप दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो मारपीट में बदल गया. मारपीट के दौरान एक महिला को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया गया.
 

Dhanbad : धनबाद में नगर निकाय चुनाव की बढ़ती सरगर्मी के बीच चिरकुंडा नगर परिषद क्षेत्र में भाजपा समर्थित प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय में जमकर हंगामा व मारपीट की वारदात हुई. घटना रविवार देर शाम नेहरू रोड में हुई. चुनाव कार्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं व कुछ स्थानीय लोगों के बीच कहासुनी देखते ही देखते धक्का-मुक्की व हाथापाई में बदल गई. इस दौरान महिलाओं के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया जिससे माहौल और तनावपूर्ण हो गया.


प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, भाजपा समर्थित उम्मीदवार बर्नाली बाउरी के चुनाव कार्यालय के समीप दो पक्षों के बीच विवाद शुरू हुआ, जो मारपीट में बदल गया. मारपीट के दौरान एक महिला को धक्का देकर सड़क पर गिरा दिया गया. घटना के बाद वहां अफरा-तफरी मच गई. लोग इधर-उधर भागने लगे. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना चिरकुंडा पुलिस को दी. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत कराया. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.


घटना के समय कार्यालय में भाजपा की जिला स्तरीय बैठक भी चल रही थी, जिसमें ग्रामीण जिलाध्यक्ष मोहन कुंभकार, पूर्व अध्यक्ष घनश्याम ग्रोवर, ज्ञान रंजन सिन्हा, भूपेंद्र सिंह समेत कई नेता मौजूद थे. उम्मीदवार बर्नाली बाउरी के पति नगर परिषद के पूर्व अध्यक्ष डब्लू बाउरी ने बताया कि सुमित व बुलन बाउरी के बीच व्यक्तिगत बात को लेकर विवाद हुआ था जिसे सुलझा लिया गया है.

 

वहीं, घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें मारपीट व महिलाओं के साथ धक्का-मुक्की साफ दिखाई दे रही है. वीडियो के सामने आने के बाद लोगों में नाराजगी देखी जा रही है. चुनावी माहौल में हुई इस घटना ने क्षेत्र में राजनीतिक तापमान और बढ़ा दिया है. पुलिस ने कहा है कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही