Search

धनबाद : ट्रांसफॉर्मर के नीचे दुकान लगा कर मौत को दावत दे रहे दुकानदार

Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) नगर आयुक्त के फरमान के बाद भी शहर में ट्रांसफॉर्मर के नीचे दुकान चल रही है. यह किसी एक जगहह की बात नहीं है, शहर के हर मोड़ पर यह नजारा साफ तौर पर देखा जा सकता है. चिरागोड़ा, बिनोद नगर मोड़ के पास ट्रांसफॉर्मर से समीप सब्जी और अंडे की दुकान चल रही है.  मोड़ से कुछ दूरी पर ट्रांसफॉर्मर के पास इलेक्ट्रिक की दुकान चल रही है. हीरापुर, पार्क मार्केट, भिस्तीपाडा, मनईटांड, पुराना बाजार, बैंक मोड़, एलसी रोड, पुलिस लाइन, सीएमआरआई गेट, स्टीलगेट आदि जगहों पर दर्जनों ऐसी दुकानें हैं, जो ट्रांसफॉर्मर के समीप या उसके नीचे है. इसमें गुमटी, झोपड़ीनुमा दुकान, ठेले खोमचे वालों से लेकर टोकरी में सब्जी बेचने वाले तक शामिल हैं.

  गर्मी में ट्रांसफॉर्मर में हर साल लगती है आग

हर साल की भांति इस साल भी अप्रैल माह में गर्मी चरम पर पहुंच चुकी है. इस सीजन में ट्रांसफॉर्मर का जलना और उसमें आग लगना आम बात है. पिछले साल अप्रैल से जून तक शहर अलग अलग हिस्सों में ट्रांसफॉर्मर में अगलगी की घटना हुई थी. अभी कुछ माह पूर्व ही भिस्ती पाडा के ट्रांसफॉर्मर में आग लगने से एक बिजली मिस्त्री और हेल्पर जख्मी हो गया था. फिर भी दुकान से लेकर वाहनों की पार्किंग लोग बाज नहीं आ रहे.

     नो वेंडिंग जोन की घोषणा का भी असर नहीं

शहर में सड़क, फुटपाथ, नाला और ट्रांसफॉर्मर को अतिक्रमण कर दुकान लगाने वालों के खिलाफ नगर निगम के अधिकारी अभियान चलाते हैं. कई बार खुद नगर आयुक्त भी सड़क पर उतरकर अभियान का नेतृत्व करते हैं. लेकिन यह काम नियमित रूप से नहीं होता है. इस कारण उन जगहों पर दुकानें फिर लग जाती हैं. अभी कुछ दिन पूर्व ही नगर आयुक्त ने सिटी सेंटर से रणधीर वर्मा चौक तथा कोर्ट रोड को नो वेंडिंग जोन घोषित किया था, मगर कोई असर नहीं है. नो वेंडिंग जोन में हर दिन दुकानें लग रही हैं.

   अपने शहर से प्यार करने की जरूरत : सतेंद्र कुमार

धनबाद नगर निगम के नगर आयुक्त सतेंद्र कुमार ने कहा कि ट्रांसफॉर्मर के नीचे दुकान का संचालन हो या शहर की सड़क, नाली का अतिक्रमण इन सारे विषयों पर नगर निगम अपना काम कर रहा है. लेकिन इससे भी ज्यादा जरूरी सभी को अपने शहर से प्यार करने की जरूरत है. तभी ये सारी चीजें जड़ से खत्म होंगी और जान माल का भी नुकसान नहीं होगा. [wpse_comments_template]  

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp