पुलिस लाइन के फुटपाथ दुकानदारों ने किया अर्धनग्न प्रदर्शन
Dhanbad : नगर निगम के नोटिस के बाद पुलिस लाइन धनबाद के फुटपाथ दुकानदारों का गुस्सा फूट पड़ा है. दुकानदारों ने सोमवार को पुलिस लाइन में अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया. रोजी-रोटी छीनी तो होगा वोट का बहिष्कार... लिखी तख्तियां लेकर दुकानदारों ने निगम का विरोध किया. मालूम हो कि कुछ दिन पहले नगर निगम ने पुलिस लाइन के मीट, मछली, फल व अन्य दुकानदारों को दुकान हटाने का नोटिस दिया था. पथ विक्रेता समन्वय समिति के श्यामल मजूमदार ने कहा कि निगम ने पुलिस लाइन के फुटपाथ दुकानदारों को हटाने का मौखिक आदेश दिया है. उन्हें कहा है कि कोहिनूर मैदान में बने वेंडिंग जोन में जाकर दुकानें लगाएं, जिसका सभी फुटपाथ दुकानदार विरोध कर रहे हैं. सोमवार को पुलिस लाइन के 165 दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद रखी. वहीं, पुलिस लाइन दुकानदार संघ के तपन डे ने कहा कि नगर निगम अपनी नाकामी को उनसब के ऊपर थोपने की कोशिश कर रहा है. जो वेंडिंग जोन मार्केट फेल हो चुका है, वहां पुलिस लाइन के दुकानदारों को जाने का आदेश दिया गया है. तपन ने कहा कि पूर्व नगर आयुक्त ने आश्वासन दिया था कि निगम द्वारा सड़क किनारे गुमटी जैसी दुकानें बना कर दी जाएंगी. वर्तमान नगर आयुक्त उसे नहीं मान रहे हैं. उन्होंने कहा कि किसी भी कीमत पर दुकानदार अपनी जगह से नहीं हटेंगे. यदि निगम हटाने की जिद पर अड़ा रहा, तो उग्र आंदोलन किया जाएगा. [wpse_comments_template]
Leave a Comment