उद्घाटन के बाद भी कोई नहीं दिखा रहा दिलचस्पी, दुकानें रही खाली
Dhanbad: देश की राजधानी दिल्ली हो या देश का अन्य कस्बा, सड़क का मतलब ही बाजार समझा जाता है. स्थायी दुकान,ठेला, खोमचा औरर झुग्गी झोपड़ी में चलती दुकानें सड़क के किनारे ही अच्छी लगती हैं. मौजूदा सरकार पिछले कुछ वर्षो में इस बदलाव लाने की कोशिश कर रही है, मगर सफल नहीं हो पा रही है. कई दुकानदार दुबारा लौटे सड़क पर
धनबाद नगर निगम की सर्वे रिपोर्ट के अनुसार 6883 फुटपाथ दुकानदार हैं. उन्हें सड़क से हटाकर स्थायी दुकान उपलब्ध कराना है. इसी कड़ी में झरिया के बनियाहीर में 232 तथा धनबाद के कोहिनूर मैदान में 192 दुकानदारों को दुकान उपलब्ध करा दी गई. इसे वेंडिंग जोन का नाम दिया गया है. इसमें प्रत्येक दुकानदार को बैठने के लिए स्टॉल, लाइट, जनरेटर, सुलभ शौचालय के साथ हरे भरे पेड़ पौधे लगाए गए हैं. परंतु दुकानदारों को यह सुविधा रास नहीं आ रही. कई दुकानदार सड़क पर दुबारा लौट चुके हैं और कुछ जाने की सोच रहे हैं. कुछ दुकानदारों ने बताया कि यहां वेंडिंग जोन नाय चलतो, घूम घूम के बेचे में जो मजा हो, बैठ के ऊ चीज नाय मिलतो. झरिया का वेंडिंग जोन हो चुका है खाली
1 करोड़ 98 लाख खर्च कर झरिया के बनियाहीर में फुटपाथ दुकानदारों के लिए 2021 में वेंडिंग जोन बना था. कुछ दुकानदारों ने दुकान भी खोली, लेकिन दो दिन बाद बंद भी कर दिया. उनका कहना था ग्राहक यहां नहीं आते हैं. सड़क पर ही ठीक है, सामान जल्दी बिक जाता है. अब वेडिंग जोन पूरी तरह खाली है. शाम ढलते ही कोहिनूर मैदान में सन्नाटा
1 करोड़ 88 लाख की लागत से कोहिनूर मैदान में बने वेंडिंग जोन की कहानी भी कुछ ऐसी ही है. इसी माह 14 जून को वेंडिंग जोन का उद्घाटन हुआ है. 192 दुकानदारों ने अपनी दुकान का एग्रीमेंट भी करा लिया है, शपथ पत्र भी दिया है कि अब सड़क पर दुकान नहीं लगाएंगे. लेकिन उद्घाटन के दिन से दुकान में बढ़ोतरी नहीं हो रही है. दो तीन दुकानदार ही दुकान खोल रहे हैं, वह भी शाम ढलते ही वापस चले जाते हैं.. ग्राहक नहीं मिलने से परेशान हैं और एग्रीमेंट रद्द कर वापस सड़क पर लौटना चाहते हैं. पहले भी योजना हो चुकी है फेल
जिला परिषद द्वारा वर्ष 2008 में रणधीर वर्मा चौक के समीप कृषि बाजार और आईएसएम के पास सैकड़ों दुकानें बनाई गई थी. सभी दुकानें फुटपाथ विक्रेताओं को आवंटित भी हुई, लेकिन किसी को वह रास नहीं आई. कृषि बाजार पूरी तरह खाली हो चुका है. वहां अब शराब, गांजा पीने के साथ लघुशंका करने लोग आते हैं. आईएसएम के पास अभी दुकानें भाड़े पर हैं, जिसमें फास्ट फूड और बैंड बाजा की दुकान संचालित होती है. जिनकी दुकान है, वे पुलिस लाइन में सड़क पर आलू, प्याज और अन्य सब्जी की दुकान लगाते हैं. ऐसे लोगों के खिलाफ सोमवार से चलेगा अभियान
धनबाद नगर निगम के नगर मिशन प्रबंधक सुमित कुमार तिग्गा कहते हैं कि वेंडिंग जोन पर हमलोगों की पूरी नजर है. अभी दुकानदार इस बात को लेकर परेशान हैं कि यहां ग्राहक नहीं आ रहे हैं. कई लोग दुबारा सड़क पर दुकान लगाने लगे हैं. उन लोगों के खिलाफ सोमवार से अभियान चलाया जाएगा. रणधीर वर्मा चौक से डीआरएम चौक तक फुटपाथ को हटाकर वेंडिंग जोन में शिफ्ट किया जाएगा. इसके अलावा जो लोग दुकान नहीं लगाना चाहते हैं, उनका आवंटन रद्द कर दूसरे को मौका दिया जाएगा. लोगों को भी जागरूक किया जाएगा, ताकि वहां खरीदारी करने पहुंच सकें. [wpse_comments_template]
Leave a Comment