Search

धनबाद: सिंदरी के सोना आभूषण विक्रेता पर लगा ठगी का आरोप

Sindri: सिंदरी (Sindri) सिंदरी थाना क्षेत्र के शहरपुरा बाजार स्थित विष्णु ज्वेलर्स ने आइएमटाइप निवासी रोहित सिंह को भाई की शादी में चार लाख रुपये लेकर सोने के गहने की बजाय इमिटेशन ज्वेलरी पकड़ा दिया. राज खुलते ही शनिवार 25 फरवरी को उसके प्रतिष्ठान पर जमकर हंगामा हुआ. शादियों में सोने के आभूषण बनाने के लिए बुकिंग करानेवालों का जुटान शुरू हो गया. विष्णु ज्वेलर्स के संचालक संतोष वर्मा पर स्थानीय लोगों ने ठगी का आरोप लगाया. विष्णु ज्वेलर्स सिंदरी चेम्बर ऑफ कामर्स व ज्वेलर्स एसोसिएशन का सदस्य भी है. ठगी के शिकार स्थानीय लोग चेम्बर व एसोसिएशन से रुपये वापस दिलाने की गुजारिश कर रहे हैं. हालांकि प्रशासन ने पूछताछ के लिए संचालक को सिंदरी थाना लाया. परंतु लिखित शिकायत दर्ज नहीं होने के कारण उसे छोड़ दिया है. एफसीआई आवास संख्या आइएम टाइप 409 निवासी रोहित सिंह ने बताया कि विगत 22 फरवरी को उसके भाई आकाश सिंह की शादी थी. शादी में सोने के गहने बनाने के लिए विष्णु ज्वेलर्स को चार लाख रुपये दिये गए थे. शादी से पहले गहने मिले तो घरवालों को कढ़ाई देखकर शक हुआ. धनबाद में कैरेटोमीटर से जांच कराई गई तो यह इमिटेशन ज्वेलरी साबित हुई. विष्णु ज्वेलर्स संचालक संतोष वर्मा ने दुकान पर लगभग छः घंटे की काफी मशक्कत के बाद स्वर्ण आभूषण वापस दिए. उन्होंने कहा कि उनके साथ ठगी की गई है. खबर आग की तरह फैली व आभूषणों के लिए एडवांस बुकिंग करनेवाले व आभूषण ले चुके लोगों ने उससे पैसे वापसी की मांग की। संचालक संतोष वर्मा ने बताया कि उस पर लगभग पचास लाख रुपये का कर्ज है. धीरे धीरे पैसे वापस कर देगा. सिंदरी थाना प्रभारी सुरेश प्रसाद ने बताया कि लिखित शिकायत नहीं आने पर पूछताछ कर उसे छोड़ दिया गया है.

 ज्वेलर्स एसोसिएशन ने झाड़ा पल्ला

सिंदरी ज्वेलर्स एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश सोनी ने विष्णु ज्वेलर्स को आरोंपों के कारण एसोसिएशन से बाहर करते हुए पल्ला झाड़ लिया है. उन्होंने बताया कि ठगी करनेवालों को एसोसिएशन कभी सहयोग नहीं करेगा.

 चेम्बर ने जगाई आस, मिलेगी राहत

सिंदरी चेम्बर ऑफ कॉमर्स के सचिव दीपक कुमार दीपू ने बताया कि लोगों के साथ ठगी करना व्यवसायी का काम नहीं है. लोगों को भी चाहिए कि इस तरह के व्यवसायियों से बचें. उन्होंने कहा कि फिलहाल वह बाहर हैं, लौटने पर चेम्बर की बैठक कर ठोस निर्णय लेंगे. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp