Search

 
 
 

धनबाद : साहब !आपका लेटर डस्टबिन में पड़ा रहता है, विभाग नहीं करता काम

 

जिला परिषद की बैठक रही हंगामेदार, समस्याओं का निदान न होने से सदस्य क्षुब्ध

Dhanbad : हर बार की तरह शुक्रवार 15 सितंबर को भी जिला परिषद की बैठक हंगामेदार रही. जिप सदस्य समस्याओं का निदान नहीं होने के कारण सवाल-जवाब पर उतारू थे. एक बार तो ऐसा समय भी आया, जब सदस्यों ने डीडीसी को ही कठघरे में खड़ा कर दिया. सदस्यों ने ने कहा डीडीसी साहब ! आपके लेटर पर भी विभाग के अधिकारी काम नहीं करते. कैसे होगा ग्रामीण क्षेत्र का विकास. सदस्यों का कहना था कि आज तक जो भी मुद्दा बोर्ड की बैठक में उठाया गया है, उस पर संबंधित विभाग ने काम नहीं किया है. लेटर दिया जाता है, जो डस्टबिन या विभाग में यूं ही पड़ा रह जाता है.

    बैठक में गूंजती रही बिजली-पानी की समस्या

हर सदस्य क्षेत्र की बोर्ड की चौथी बैठक जिला परिषद हॉल में शुक्रवार को 11 बजे शुरू होनी थी, जो 11.30 बजे शुरू हुई. बैठक में अध्यक्ष शारदा सिंह, उपाध्यक्ष सरिता देवी व सचिव सह डीडीसी शशि प्रकाश सिंह के साथ 29 जिप सदस्य मौजूद थे. हर सदस्य ने अपने अपने क्षेत्र की समस्या पर सवाल-जवाब किया. बैठक में 34 एजेंडे पर चर्चा हुई. क्षेत्र में पानी, बिजली, स्वास्थ्य केंद्र ,विद्यालय और नाली की समस्या गूंजती रही.

  स्वास्थ्य केंद्रों में नहीं आते हैं डॉक्टर

सदस्यों ने कहा कि कई स्वास्थ्य केंद्र जर्जर अवस्था में हैं. कई जगहों पर डॉक्टर आते ही नहीं हैं. ग्रामीण क्षेत्र में बिजली व पानी की समस्या है, लेकिन संबंधित विभाग इस मामले पर कोई एजेंडा तैयार नहीं कर रहा है.  न ही कोई काम हो रहा है. सदस्यों ने इस नाकामी पर कार्रवाई की मांग की. गोविंदपुर के जिप सदस्य ने कहा कि उनके इलाके में भू माफिया सक्रिय है. उनपर लगाम लगाई जाए. क्योंकि तालाबों का अधिग्रहण किया जा रहा है.

     बैठक में अधिकारियों की अनुस्थिति से भी नाराजगी

जिप सदस्यों की शिकायत थी कि जिला परिषद बोर्ड की बैठक में संबंधित विभाग के अधिकारी नहीं,प्रतिनिधि पहुंचते हैं, जिन्हें कोई जानकारी नहीं होती. डीडीसी शशि प्रकाश ने कहा कि विभाग के अधिकारियों के पास और भी काम होते हैं, जिस कारण बैठक में भाग नहीं ले पाते हैं.

    9 करोड़ 21 लाख की योजना है तैयार: अध्यक्ष

अध्यक्ष शारदा सिंह ने कहा कि 9 करोड़ 21 लाख का प्राक्कलन तैयार किया गया है, जिसमें नाली, सड़क, शौचालय, विवाह मंडप स्नान घाट चेंजिंग रूम आदि का निर्माण होना है. उन्होंने कहा कि सदस्यों ने बिजली, पानी, स्वास्थ्य और आवास पर चर्चा की. सभी सदस्यों ने कहा कि संबंधित विभाग की लापरवाही के कारण काम नहीं हो पा रहा है. डीडीसी ने विभागों को हिदायत दी है.  काम में लापरवाही बरती गई तो कार्रवाई होगी. जहां भी समस्या है वहां के लिए त्वरित एस्टीमिट तैयार कर दिया जाए. डीएमएफटी फंड से उसका भुगतान किया जाएगा. अध्यक्ष ने बताया की जिला परिषद बोर्ड की बैठक हर माह बुलाई जाएगी. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही