Search

 
 
 

धनबाद : कार्तिक स्नान के दौरान दामोदर नदी में 6 युवक डूबे, 4 के शव बरामद, 2 की तलाश जारी

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को धनबाद-बोकारो फोरलेन स्थित तेलमोच्चो पुल के नीचे दामोदर नदी में हुए दर्दनाक हादसे में अब तक चार युवकों के शव बरामद किए जा चुके हैं. जबकि दो युवक अब भी लापता हैं. स्थानीय गोताखोरों की मदद से शवों की तलाश जारी है.
 

Dhanbad :  कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर बुधवार को धनबाद-बोकारो फोरलेन स्थित तेलमोच्चो पुल के नीचे दामोदर नदी में हुए दर्दनाक हादसे में अब तक चार युवकों के शव बरामद किए जा चुके हैं. जबकि दो युवक अब भी लापता हैं. स्थानीय गोताखोरों की मदद से शवों की तलाश जारी है.

 

जानकारी के अनुसार, कार्तिक पूर्णिमा पर दो अलग-अलग टोली में कुल 10 युवक पुण्य स्नान करने तेलमोच्चो स्थित दामोदर नदी पहुंचे थे. पहली टोली बाघमारा के भीमकनाली से आई थी. बुधवार सुबह करीब 11 बजे पांच युवक नदी में उतरे, तभी वे तेज धारा में बहने लगे. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्काल बचाव कार्य शुरू किया और तीन युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया. लेकिन दो युवक सुमित राय (17) और सनी चौहान (21) तेज बहाव में लापता हो गए. दोनों के पिता बीसीसीएल कर्मी बताए जा रहे हैं.

Uploaded Image

 

दूसरी टोली भूली ए ब्लॉक की थी. यहां से भी पांच युवक विजय यादव, रोहित उर्फ छोटू, रोहन उर्फ गोलू, प्रियांशू और अनीश स्नान करने नदी किनारे पहुंचे थे. इनमें प्रियांशू ने स्नान नहीं किया और किनारे पर ही रहा. जबकि बाकी चार युवक नदी में उतरे. जब वे लंबे समय तक वापस नहीं लौटे तो प्रियांशू ने खोजबीन शुरू की और बाद में अपने परिजनों को सूचना दी.

 

इस बीच लापता युवकों की तलाश में जुटे गोताखोरों ने पहला शव बरामद किया, जिसकी पहचान भूली ए ब्लॉक निवासी विजय यादव के रूप में हुई. इसके बाद स्पष्ट हुआ कि भूली के अन्य तीन युवक भी नदी में डूब चुके हैं.

 

गुरुवार सुबह तक लापता युवकों का शव नहीं मिलने से आक्रोशित ग्रामीण और परिजनों ने धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग को जाम कर दिया. मौके पर पहुंची पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने समझा-बुझाकर लोगों को शांत कराया और जाम समाप्त कराया. स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया कि दामोदर नदी में अवैध बालू खनन के कारण नदी की गहराई और धारा का स्वरूप बदल गया है, जिससे ऐसे हादसे बढ़ रहे हैं. 

 

Uploaded Image

 

इस संबंध में बाघमारा सीओ गिरजानंद किस्कू ने बताया कि भीमकनाली और भूली के कुल छह युवक नदी की तेज धारा में डूब गए थे, जिनमें से चार के शव बरामद हो चुके हैं. बाकी दो युवकों की तलाश जारी है. उन्होंने बताया कि एनडीआरएफ की टीम अभी मौके पर नहीं पहुंची है. कुछ देर में पहुंचने की सूचना है. एनडीआरएफ की टीम आने के बाद तलाशी अभियान को और तेज किया जाएगा.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही