शिकायत मिलते ही त्वरित कार्रवाई की जाएगी. अपराधियों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा. कार्यक्रम में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब सहित जिले के कई वरीय पुलिस अधिकारी तथा बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे.
शहर में बढ़ेगा सीसीटीवी नेटवर्क, व्यापारियों से सहयोग की अपील
एसएसपी प्रभात कुमार ने कहा कि धनबाद में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत बनाने के लिए प्रमुख इलाकों में सीसीटीवी कैमरे लगाने की व्यापक योजना पर कार्य किया जा रहा है. उन्होंने व्यापारियों से भी अपने प्रतिष्ठानों पर अधिक से अधिक सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की ताकि किसी भी घटना के बाद अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी में मदद मिल सके.
ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार के लिए जल्द लगेंगे सिग्नल
उन्होंने बताया कि शहर में ट्रैफिक सिग्नल लगाने की प्रक्रिया काफी आगे बढ़ चुकी है और इसके लिए टेंडर जारी हो चुका है. कार्य शुरू होने के बाद यातायात व्यवस्था में सुधार आएगा.साथ ही ऑटो और टोटो चालकों की मनमानी तथा लापरवाही से वाहन चलाने की प्रवृत्ति पर अंकुश लगाने के लिए विशेष अभियान चलाकर सख्त कार्रवाई की जाएगी.
डायल 112 पर तुरंत दें सूचना
एसएसपी ने कहा कि पुलिस का उद्देश्य व्यापारियों और आम नागरिकों के बीच विश्वास का माहौल कायम करना है. किसी भी शिकायत या अपराध की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करने के लिए पुलिस व्यवस्था को और सुदृढ़ बनाया जा रहा है.
उन्होंने लोगों से किसी भी आपात स्थिति में डायल 112 पर तत्काल सूचना देने की अपील की.उन्होंने कहा कि शहर की यातायात समस्या का समाधान केवल पुलिस के प्रयासों से संभव नहीं है. इसके लिए आम नागरिकों को भी यातायात नियमों का पालन कर सहयोग करना होगा.
चैन स्नैचिंग और छिनतई जैसी घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के लिए लगातार विशेष अभियान चलाए जा रहे हैं और जल्द ही इन घटनाओं पर और अधिक अंकुश लगाया जाएगा.
संगठित अपराध पर लगाम, रंगदारी पर सख्त चेतावनी
एसएसपी ने कहा कि जिले में संगठित अपराध पर काफी हद तक नियंत्रण स्थापित किया जा चुका है. यदि कोई व्यापारी या नागरिक से रंगदारी मांगता है तो उसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें.उन्होंने चेतावनी दी कि यदि कोई अपराधी धनबाद को निशाना बनाने की कोशिश करेगा तो पुलिस उसे करारा जवाब देगी.
व्यापारियों ने उठाईं महत्वपूर्ण समस्याएं
संवाद कार्यक्रम के दौरान व्यापारियों ने पार्किंग व्यवस्था, सड़क जाम, प्रमुख चौक-चौराहों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, नो-पार्किंग क्षेत्रों की सूची सार्वजनिक करने, साइबर अपराध पर नियंत्रण तथा ऑटो-टोटो चालकों की लापरवाही पर कार्रवाई जैसे मुद्दे उठाए.
विनोद बिहारी महतो चौक के पास पुलिस चौकी स्थापित करने की मांग भी रखी गई. व्यापारियों ने रात्रि गश्ती को और मजबूत करने, व्यापारियों से जुड़े मामलों के शीघ्र निष्पादन तथा थाना स्तर पर पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया.
पुलिस की सक्रियता से बढ़ा व्यापारियों का भरोसा
जिले के 56 व्यापारी संगठनों से आए प्रतिनिधियों ने कहा कि धनबाद पुलिस की सक्रियता के कारण सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हुई है.अपराधी गिरोहों पर प्रभावी अंकुश लगा है और रंगदारी के आतंक से व्यापारियों को काफी राहत मिली है.
उन्होंने कहा कि वर्तमान में व्यापारी वर्ग पहले की तुलना में अधिक सुरक्षित और भयमुक्त माहौल में व्यापार कर रहा है. व्यापारियों ने कृषि बाजार प्रांगण में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के उद्देश्य से इंस्पेक्टर कार्यालय खोलने की पहल के लिए भी एसएसपी का आभार व्यक्त किया. उनका कहना था कि अपराध नियंत्रण और त्वरित कार्रवाई के कारण पुलिस व्यवस्था के प्रति विश्वास लगातार मजबूत हुआ है.
कार्यक्रम में एसडीपीओ बाघमारा अजीत बिमल, एसडीपीओ सिंदरी प्रकाश चंद्र महतो, डीएसपी मुख्यालय कुमार विनोद, डीएसपी विधि-व्यवस्था प्रकाश सोय, एसडीपीओ निरसा लिलेश्वर महतो, डीएसपी सीसीआर प्रदीप कुमार साव, डीएसपी ट्रैफिक रोहित कुमार साव, विभिन्न थाना प्रभारी, व्यापारी संगठनों के प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में व्यवसायी उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.
Leave a Comment