Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

धनबाद : मेगा जलापूर्ति योजना से टहल कंपनी की हुई छुट्टी

Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) समाहरणालय में मंगलवार 24 जनवरी को डीसी सह डीएमएफटी के अध्यक्ष संदीप सिंह की अध्यक्षता में जिला खनिज फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) न्यास परिषद की बैठक हुई. बैठक में निरसा गोविंदपुर उत्तरी, निरसा गोविंदपुर दक्षिणी, बाघमारा के पथलगड़िया, बलियापुर ग्रामीण पेयजल आपूर्ति योजना फेज टू को प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई. जिले के चौमुखी विकास के लिए अन्य योजनाओं पर भी विचार विमर्श किया गया. साथ ही जनप्रतिनिधियों ने विलंब से चल रही योजनाओं और जनता की मूल भूत सुविधाओं का सवाल उठाया. डीसी ने एक एक कर सभी का जवाब दिया. उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं को डीएमएफटी से स्वीकृति मिलने के बाद विभागीय स्वीकृति के लिए भेजा जाएगा. बैठक में उप विकास आयुक्त  शशि प्रकाश सिंह, टुंडी विधायक  मथुरा प्रसाद महतो, झरिया विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह,  सिंदरी विधायक प्रतिनिधि कुमार महतो, बाघमारा विधायक  प्रतिनिधि मनीष कुमार, वन प्रमंडल पदाधिकारी  विकास पालिवाल, जिला योजना पदाधिकारी महेश भगत, डीसीएलआर सतीश चंद्रा, जिला शिक्षा पदाधिकारी भूतनाथ रजवार, पीएचईडी 1 व 2 के कार्यपालक अभियंता आदि मौजूद थे. सभी प्रखंडों के प्रमुख एवं मुखिया संबंधित कार्यालय में गुगल मीट से जुड़े थे.

    इजराइल की कंपनी का टेंडर हुआ कैंसिल

डीसी ने बताया कि निरसा, गोविंदपुर उत्तरी मेगा पेयजलापूर्ति योजना के लिए इजराइल की टहल कंपनी को काम दिया गया था. लगातार चेतावनी के बाद भी कंपनी के काम में सुधार नहीं आ रहा था. इस कारण का टेंडर कैंसिल कर दिया गया है. अब नई कंपनी को काम दिया जाएगा.

  इन योजनाओं के लागत मूल्य में हुई वृद्धि

पेयजल विभाग के अधिकारियों ने बताया कि योजना का पूर्व प्राक्कलन 2016 के एसओआर पर आधारित था. वर्तमान प्राक्कलन 2022 के एसओआर पर आधारित है. इस कारण निरसा गोविंदपुर उत्तरी पेयजलापूर्ति योजना में 27.5% (133) करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है. इसी तरह निरसा गोविंदपुर दक्षिणी योजना में 39.57% (92.16) करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है. दोनों योजनाओं में पहले इंटेक वेल का कार्य ओपन एक्सकैवेशन पद्धति से किया जाना था. लेकिन अब यह पाइलिंग पद्धति से किया जाएगा. पहले जीएसटी का प्रावधान नहीं था. अब जीएसटी का प्रावधान किया गया है. इस कारण मूल प्राक्कलन में वृद्धि हुई है. बाघमारा के पथलगड़िया में 2 करोड़ तथा बलियापुर ग्रामीण जलापूर्ति योजना फेज 2 के मूल प्राक्कलन में लगभग एक करोड़ रुपये की वृद्धि हुई है. पथलगड़िया में वृद्धि का कारण इंटेक वेल की हाइट में बढोतरी करना तथा आरसीसी गैंग वे में 28 मीटर लंबाई की वृद्धि शामिल है. बलियापुर ग्रामीण जलापूर्ति योजना फेज 2 में वृद्धि का कारण जीएसटी प्रतिशत में बढ़ोतरी है.

  इन योजनाओं को दी गई स्वीकृति

वासेपुर के पांडरपाला में मिल्लत कॉलोनी के नजदीक रेलवे लाइन के ऊपर फुट ओवर ब्रिज का निर्माण, सभी आंगनबाड़ी तथा सरकारी विद्यालयों में प्री-स्कूल इन्नोवेटिव लर्निंग किट की आपूर्ति, आवासीय विद्यालय, कस्तूरबा गांधी विद्यालय, मॉडल स्कूल, लीडर स्कूल जहां बाउंड्री वॉल निर्मित है, वहां ओपन जिम सह फिजिकल एक्टिविटी प्ले एरिया विकसित करना, पुराना बाजार पानी टंकी के पास जिला परिषद के भूखंड में युवाओं के स्वरोजगार एवं आजीविका के लिए मार्केट कांपलेक्स का निर्माण, बाघमारा प्रखंड के इंदिरा चौक से प्रखंड होते हुए भीमकनाली हीरक रोड तक पीसीसी पथ निर्माण से जुड़ी योजनाओं को स्वीकृति दी गई है.

जन प्रतिनिधियों ने उठाये सवाल

टुंडी विधायक ने पूछा कि टहल कंपनी को ब्लैक लिस्ट क्यों नहीं किया गया. इसपर पीएचइडी 1 के कार्यपालक अभियंता ने बताया कि कंपनी को हटाने के साथ 11 करोड़ रुपए की उसकी अरनेस्ट मनी जब्त की गई है. कंपनी, लिट्टीपाड़ा में काम कर रही है, इसलिए अभी तक ब्लैकलिस्ट नहीं किया गया है. साथ  ही विधायक ने हर प्रखंड मुख्यालय, विद्यालय एवं स्वास्थ्य केंद्र तक ऑल वेदर रोड बनाने, बरवा टुंडी जर्जर सड़क की मरम्मत कराने, जयनगर के पास बने पुल तक एप्रोच रोड बनाने की बात कही. झरिया विधायक ने एनएच से निचितपुर अस्पताल तक सड़क बनाने, वाटर ट्रीटमेंट प्लांट को 24 घंटे निर्बाध बिजली आपूर्ति करने, पिट वाटर के पास आरओ लगाकर आसपास के ग्रामीणों को स्वच्छ पेयजल आपूर्ति करने की मांग की. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही