Search

 
 
 

धनबादः सिंह मेंशन में बमबाजी से बाल-बाल बचा परिवार, संजीव सिंह बोले- जल्द होगा खुलासा

संजीव सिंह ने बताया कि रात करीब 11:30 बजे वे परिवार के साथ बाहर बैठे थे. कुछ देर बाद जैसे ही वे घर के अंदर गए, उसी दौरान किसी व्यक्ति ने परिसर की ओर विस्फोटक फेंक दिया. अचानक तेज रोशनी के साथ धूलनुमा पदार्थ फैल गया.
 

डराने की साजिश सफल नहीं होगीः रागिनी सिंह


Dhanbad : धनबाद शहर के चर्चित सिंह मेंशन पर रविवार देर रात बम फेंके जाने की घटना से इलाके में दहशत फैल गई. घटना के समय झरिया के पूर्व विधायक संजीव सिंह अपने परिवार के साथ आवास के बाहर बैठे थे. गनीमत रही कि समय रहते सभी लोग सुरक्षित अंदर चले गए, जिससे कोई हताहत नहीं हुआ.


संजीव सिंह ने सोमवार को मीडिया से बातचीत में बताया कि रात करीब 11:30 बजे वे परिवार के साथ बाहर बैठे थे. कुछ देर बाद जैसे ही वे घर के अंदर गए, उसी दौरान किसी व्यक्ति ने परिसर की ओर विस्फोटक फेंक दिया. अचानक तेज रोशनी के साथ धूलनुमा पदार्थ फैल गया. बाद में जानकारी मिली कि यह बम था. उन्होंने बताया कि घटना की सूचना तत्काल एसएसपी को दी गई. सूचना मिलते ही सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी समेत कई अधिकारी मौके पर पहुंचे. पुलिस ने पूरे परिसर की घेराबंदी कर तलाशी अभियान चलाया और साक्ष्य जुटाए.


सोशल मीडिया पर वायरल हो रही कथित चिट्ठी को लेकर संजीव सिंह ने कहा कि घटना के 15 सेकेंड के भीतर ही परिवार के सभी सदस्य गेट के बाहर आ गए थे, लेकिन वहां किसी प्रकार की कोई चिट्ठी नहीं मिली. उन्होंने स्पष्ट किया कि वायरल लेटर की कोई पुष्टि नहीं है और पुलिस इसकी गंभीरता से जांच कर रही है. उन्होंने भरोसा जताया कि जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.

 

वहीं, झरिया विधायक रागिनी सिंह ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए कहा कि बमबाजी अब सिर्फ एक घर की नहीं, बल्कि पूरे धनबाद जिले की समस्या बनती जा रही है. आए दिन इस तरह की घटनाओं से आम लोगों में भय का माहौल बन रहा है. उन्होंने कहा कि बमबाजी कर डराने की कोशिश करने वालों की साजिश कभी सफल नहीं होगी. जनहित में काम करने वालों को इस तरह की हरकतों से रोका नहीं जा सकता. लंबे समय बाद संजीव सिंह धनबाद के मुद्दों पर सक्रिय हुए हैं. संभव है यह कुछ लोगों को खटक रहा हो. उन्होंने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों की जल्द पहचान कर कड़ी कार्रवाई की मांग की.

 

घटना के संबंध में सिटी एसपी ऋतिक श्रीवास्तव ने बताया कि देर रात करीब 11:45 बजे सिंह मेंशन में अपराधियों ने दो देसी बम फेंका. एक आवास के बाहर और एक आवास के अंदर. प्रथम दृष्टया मामला दहशत फैलाने का प्रतीत होता है. यदि जानमाल को नुकसान पहुंचाने की मंशा होती, तो विस्फोटक में और घातक सामग्री होती. पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है.

 

 उन्होंने वायरल लेटर को लेकर कहा कि अप्रमाणित पत्र को अधिक तवज्जो देने की जरूरत नहीं है. यदि उसमें कोई सच्चाई होगी तो जांच में सामने आ जाएगी. मामले की जांच के लिए दो टीमें गठित की गई हैं. जल्द ही सच्चाई सामने लाई जाएगी. घटना के बाद से सिंह मेंशन व आसपास के इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है. पुलिस संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई है.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही