Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) तेतुलमारी के भूमि आउटसोर्सिंग कंपनी में चाल धंसने से मौत के मामले में राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने धनबाद उपायुक्त समेत एसएसपी एवं बीसीसीएल के चैयरमेन से चार सप्ताह में जांच की रिपोर्ट मांगी है. आरटीआई कार्यकर्ता अरविंद सिन्हा ने राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग से शिकायत की थी. उनकी शिकायत पर आयोग ने संज्ञान लेते हुए धनबाद उपायुक्त, एसएसपी एवं बीसीसीएल के चेयरमैन को 4 सप्ताह के भीतर जांच रिपोर्ट देने को कहा है. बता दें कि तेतुलमारी थाना अंतर्गत मोदीडीह कोलियरी स्थित भूमि आउटसोर्सिंग कंपनी में पिछले माह 23 मार्च की सुबह अवैध उत्खनन के दौरान चाल गिरने से 5 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि आधा दर्जन से अधिक लोग घायल हो गए थे. मानवाधिकार आयोग ने पत्र में लिखा है कि शिकायतकर्ता ने स्थानीय प्रशासन एवं बीसीसीएल प्रबंधन पर मामले की लीपापोती करने और साक्ष्य मिटाने का आरोप लगाते हुए हस्तक्षेप की मांग की थी. आयोग ने मामले पर गंभीरता पूर्वक विचार करने के बाद उपायुक्त संदीप कुमार सिंह, एसएसपी संजीव कुमार सिंह एवं बीसीसीएल सीएमडी से चार सप्ताह के भीतर आवश्यक कार्रवाई करने व जांच रिपोर्ट सौंपने को कहा है. शिकायतकर्ता का कहना है कि स्थानीय प्रशासन एवं बीसीसीएल के कुछ अधिकारियों की मिली भगत से साक्ष्य मिटाने की कोशिश की गई है. राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग ने उनकी शिकायत दर्ज कर ली है. अब उन्हें जांच रिपोर्ट का इंतजार है. आयोग ने पत्र की एक प्रति राज्य मानवाधिकार आयोग एवं झारखंड के मुख्य सचिव सरकार को भी भेजा है. यह जानकारी आरटीआई कार्यकर्ता अरविंद सिन्हा ने दी है. [wpse_comments_template]
धनबाद : मानवाधिकार आयोग ने तेतुलमारी में चाल धंसने से मौत मामले में लिया संज्ञान
Last Updated: Apr 26, 2023 12:00 AM (IST)