Search

धनबाद: नगर निगम ने शहर में फिर चलाया अतिक्रमण हटाओ अभियान

Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) शहर में अवैध दुकानों के खिलाफ मंगलवार 4 अप्रैल को एक बार फिर नगर निगम का बुलडोजर चला. दर्जनों दुकानों को सड़क किनारे से हटाया गया. नगर आयुक्त सत्येंद्र कुमार के नेतृत्व में शहर के रणधीर वर्मा चौक से डीआरएम चौक तक अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया गया. शहर किनारे स्थायी रूप से बनाई गई दुकान, गुमटी, ठेला, कुर्सी टेबल आदि या तो हटा दिये गए या जब्त कर लिये गए. जब्त सामान निगम की टीम साथ ले गई. टीम ने जहां-तहां लगाए गए होडिंग, बैनर,पोस्टर भी उखाड़ दिये. नगर आयुक्त ने बताया कि अतिक्रमण हटाओ अभियान साढ़े तीन घंटा तक चलाया गया. इस मार्ग को आज से नो वेंडिंग जोन घोषित कर दिया गया है. अब किसी भी तरह की दुकान लगाने पर जुर्माना के साथ सख्त कार्रवाई होगी. उन्होंने कहा कि सारे अधिकारी इस मार्ग से आते जाते हैं. विभिन्न विभागों का कार्यालय भी इसी मार्ग पर है. अतिक्रमण के कारण लोगों का आवागमन बाधित होता है. इसीलिए आज यह कार्रवाई की गई है. उन्होंने बताया कि अवैध दुकानों की वजह से शाम ढलते ही इस मार्ग में शराबी और नशेड़ियों का भय सताने लगता था.  लोगों को आने जाने में परेशानी होती थी. उन्होंने कहा कि शहर के अन्य स्थानों से भी अतिक्रमण हटाने का काम किया जाएगा. अभियान के अगले चरण में आईएसएम के पास अवैध रूप से बनी दुकानों को हटाया जाएगा. ज्ञात हो कि शहरी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने का आदेश पिछले दिनों डीसी संदीप सिंह ने दिया था. इसके बाद आज निगम के अधिकारी सक्रिय दिखे. इस अभियान में सहायक नगर आयुक्त प्रकाश कुमार, कार्यपालक पदाधिकारी मोहम्मद अनीस सहित निगम की पूरी टीम शामिल थी. [wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp