Search

 
 
 

धनबाद: गोविंदपुर से जुड़ा बर्नपुर के व्यवसायी की हत्या का तार

 

आसनसोल के हीरापुर थाना की पुलिस को मिली बड़ी सफलता

Govindpur :  पश्चिम बंगाल बर्नपुर के व्यवसायी सैयद इम्तियाज आलम के पिता सैयद फरीद आलम की 5 वर्ष पूर्व हत्या का तार गोविंदपुर से भी जुड़ गया है. आसनसोल के हीरापुर थाना की पुलिस को बड़ी सफलता मिली है. पुलिस अधिकारियों की टीम ने गोविंदपुर थाना अंतर्गत रतनपुर स्थित होटल से सीसीटीवी फुटेज बरामद किया है. फुटेज में इस हत्याकांड का फरार आरोपी महेश शर्मा और राजकुमार शुक्ला के साथ आसनसोल के समाजसेवी सह व्यवसायी कृष्णा प्रसाद एक साथ बैठे दिख रहे हैं. पुलिस अधिकारियों का मानना है कि फुटेज से फरार हत्यारोपियों के साथ बैठे कृष्णा प्रसाद की हत्यारों के साथ अंतरंगता झलकती है. इस संबंध में कृष्णा प्रसाद का पक्ष नहीं मिल सका है. घटना 4 सितंबर 2018 की है. पश्चिम बंगाल के हीरापुर थाना अंतर्गत धरमपुर निवासी सैयद फरीद आलम नियमित इवनिंग वाक पर निकले थे. वह पैदल एक मित्र के साथ बातचीत करते जा रहे थे. लगभग 7.45 बजे शाम वह भारती भवन कार्यालय के नजदीक पहुंचे ही थे कि दो बाइक पर सवार अपराधियों ने उनके निकट आकर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें उनकी मृत्यु हो गई. सैयद इम्तियाज के सहयोगी सुजीत सिंह ने हीरापुर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी.  अनुसंधान अधिकारी अवर निरीक्षक आलोकेश बनर्जी ने जांच में मिले सबूत के आधार पर कुल्टी थाना अंतर्गत बराकर निवासी संतोष चौधरी व नवीन कुमार सिंह को गिरफ्तार किया था. काफी दिनों तक जेल में रहने के बाद उन्हें जमानत मिली. पुलिस ने क्रम में पाया कि हत्या का यह मामला कांट्रेक्ट किलिंग का है. इसमें बड़ी राशि का लेन-देन हुआ है. हत्याकांड के करीब पांच वर्ष बाद भी आरोपी महेश शर्मा व राज कुमार शुक्ला पुलिस गिरफ्त से बचते रहे. पुलिस अधिकारियों को सूचना मिली कि दोनों हत्यारोपी रतनपुर, गोविंदपुर के लिट्टी-चोखा के एक होटल में बुधवार को बैठक कर रहे हैं. पश्चिम बंगाल के हीरापुर थाना के पुलिस आधिकारियों की टीम गोविंदपुर थाना इलाके में जांच के लिए पहुंची. गोविंदपुर पुलिस को सूचना देने के बाद टीम रतनपुर स्थित लिट्टी-चोखा दुकान में पहुंची. वहां मैनेजर तथा कर्मियों से पूछताछ शुरू की. पूछताछ में पुलिस अधिकारियों को कई चौंकाने वाले तथ्य मिले. पुलिस ने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को खंगाला तो उसमें उन्हें हत्याकांड के दोनों वांछित अपराधियों के साथ आसनसोल के समाजसेवी सह व्यवसायी कृष्णा प्रसाद भी बैठे दिख रहे हैं. गोविंदपुर के थाना प्रभारी जितेन्द्र कुमार ने कहा कि आसनसोल दुर्गापुर पुलिस कमिश्नर के हीरापुर थाना के पुलिस अधिकारी आये हुए थे. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही