Search

स्वच्छ और विकसित होगा धनबाद, शपथ लेने के बाद बोले मेयर संजीव सिंह

Dhnabd :  धनबाद नगर निगम के नवनिर्वाचित मेयर संजीव सिंह ने शपथ ग्रहण के बाद जनता का आभार व्यक्त किया. उन्होंने मीडिया को संबोधित करते हुए कहा कि धनबाद की जनता ने जिस भरोसे और उम्मीद के साथ उन्हें मेयर चुना है, उस विश्वास पर खरा उतरना उनकी सबसे बड़ी जिम्मेदारी होगी.

 

उन्होंने कहा कि शहर के समग्र विकास के लिए सभी वार्डों में समान रूप से काम किया जाएगा और किसी भी क्षेत्र की अनदेखी नहीं होगी. मेयर ने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य फोकस धनबाद को प्रदूषण मुक्त बनाना होगा.

 

बुनियादी सुविधाओं को भी बनाएंगे बेहतर 

संजीव सिंह ने कहा कि धनबाद को प्रदूषण मुक्त बनाने के लिए ठोस कचरा प्रबंधन, सफाई व्यवस्था को सुदृढ़ करना, हरित क्षेत्र बढ़ाना और औद्योगिक प्रदूषण पर नियंत्रण जैसे कदम प्राथमिकता के आधार पर उठाए जाएंगे.

 

उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ, सुंदर और रहने योग्य बनाना उनकी प्रतिबद्धता है. साथ ही उन्होंने पेयजल, सड़क, जल निकासी, स्ट्रीट लाइट और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने की बात कही.

 

मेयर ने यह भी भरोसा दिलाया कि नगर निगम में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जाएगी, ताकि जनता को योजनाओं का सीधा लाभ मिल सके. समारोह में बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और शहर के गणमान्य लोग उपस्थित रहे. नई टीम के गठन के साथ ही धनबाद में विकास की नई उम्मीदें भी जाग उठी हैं.

 

डीसी ने मेयर समेत 55 वार्डों के पार्षदों को दिलाई शपथ

बता दें कि समाहरणालय स्थित मुख्य सभागार में आज शपथ ग्रहण समारोह में आयोजित की गई, जिसमें उपायुक्त आदित्य रंजन ने मेयर समेत नगर निगम के सभी 55 वार्डों के पार्षदों को शपथ दिलाई. कार्यक्रम का माहौल उत्साह, गरिमा और नई उम्मीदों से भरा हुआ नजर आया.

 

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp