Dhanbad : धनबाद (Dhanbad) डीसी संदीप सिंह के जनता दरबार में मंगलवार 11 अप्रैल को आवास का मुद्दा उठा. गोविंदपुर क्षेत्र की सावित्री देवी ने बताया कि वह भूमिहीन है और विगत 30 वर्षों से तंबू लगाकर परिवार एवं बच्चों के साथ गुजर-बसर कर रही है. भूमि नही होने के कारण सरकारी योजनाओं का लाभ नहीं ले पा रही है. बच्चों की परवरिश में परेशानी आ रही है. सावित्री ने जमीन की मांग की. डीसी ने गोविंदपुर अंचलाधिकारी को जांच कर जमीन की बंदोबस्ती हेतु प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया. साउथ बलिहारी बिहीबाड़ी वार्ड नंबर 10 से आए शिकायतकर्ता ने कहा कि पिछले कई माह से उनके इलाके में आंगनबाड़ी केंद्र बंद है. बच्चों के पोषाहार का भी दुरुपयोग हो रहा है. गर्भवती महिलाओं को पोषक आहार, दवा तथा जरूरी जानकारी सहित चीजें नहीं मिल रही है. पुटकी क्षेत्र से आए दिनेश कुमार ने इलाज के लिए मदद मांगी. उन्होंने बताया कि वह दिव्यांग है और किसी तरह गुजारा कर रहा है. परिवार में और कोई नहीं है. इस वक्त गंभीर बीमारी से पीड़ित है. इसके अलावा दरबार में शिक्षा, जमीन विवाद, ऑनलाइन रसीद, आवास, पेंशन, रोजगार, स्वास्थ्य, राशन कार्ड, मुआवजा, पारिवारिक विवाद, सरकारी योजनाओं में अनियमितता सहित कुल 62 आवेदन आए. डीसी ने लोगों को पूर्ण भरोसा दिलाया कि उनकी समस्याओं को दूर करना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है. हर समस्या को दूर करने का प्रयास किया जाएगा. [wpse_comments_template]
धनबाद: डीसी के जनता दरबार में महिला ने मांगी जमीन
Last Updated: Apr 11, 2023 12:00 AM (IST)