Ranchi: राजधानी रांची के अपर बाजार स्थित बकरी बाजार में शनिवार की रात बड़ा हादसा होते-होते बच गया. बकरी बाजार दुर्गा पूजा पंडाल परिसर के मेले में लगा ग्रेविटी झूला अचानक एक तरफ झुक गया.
बताया जाता है कि झूले का बेयरिंग टूटने और उसकी फ्रेमिंग में खामी के कारण यह स्थिति उत्पन्न हुई. हादसे के दौरान कुछ लोगों को मामूली चोटें आई. घटना के बाद मेले में अफरा-तफरी मच गई. हालांकि तत्काल स्थिति पर काबू पा लिया गया.
जानकारी के अनुसार शनिवार रात बकरी बाजार में लगे ग्रेविटी झूले में झूलने के लिए काफी भीड़ जमा थी. लोगों ने झूले पर झूलने के लिए टिकट कटवाया और सभी झूले पर बैठ भी गए, जैसे ही झूला स्टार्ट हुआ उसका बेयरिंग टूट गया.
बेयरिंग टूटने की वजह से झूला एक तरफ पूरी तरह से झुक गया. झूला पर बैठे लोगों में डर फैल गया. हालांकि मौके पर मौजूद पुलिस बल और पूजा पंडाल के वॉलिंटियर्स ने स्थिति संभाल ली और सभी को सुरक्षित झूले से नीचे उतार लिया गया.
पैसा वापस करने की मांग
झूले से उतर कुछ लोगों ने पैसे वापसी की मांग को लेकर हंगामा भी किया. पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत हुआ. पुलिस ने लोगों के पैसे वापस करवाए. तब लोग शांत हुए.
आयोजकों ने बताया कि मशीन में खराबी आने के कारण यह घटना हुई. इसमें ठेकेदार या संचालक की कोई गलती नहीं है. हादसा होना दुर्भाग्यपूर्ण है. लेकिन ऐसी घटनाओं को पूरी तरह रोक पाना संभव नहीं है.
आयोजक के मुताबिक परिसर में एंबुलेंस की व्यवस्था है. चार से पांच डॉक्टर ड्यूटी पर तैनात रहते हैं. इसके अलावा पुलिस के 30 जवान और 100 निजी गार्ड किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए मौजूद हैं.