Ranchi : लोकसभा चुनाव के बाद पहली बार शनिवार को रांची जिला दिशा समिति की बैठक हुई. बैठक की अध्यक्षता के रक्षा राज्य मंत्री सह रांची के सांसद संजय सेठ ने की. बैठक में संजय सेठ ने निर्देश दिया कि हर 3 महीने में दिशा की बैठक सुनिश्चित करें ताकि विकास योजनाओं की गति-प्रगति की समीक्षा हो, नये विचार आ सके. उन्होंने अधिकारियों से कहा कि योजनाओं को धरातल पर उतारना सुनिश्चित करें. सांसद संजय सेठ ने निर्देश दिया कि बैठक की एक्शन टेकन रिपोर्ट एक सप्ताह के अंदर संबंधित लोगों को उपलब्ध करायी जाये. विकास योजनाएं ससमय पूरी हो यह भी सुनिश्चित करें. बैठक परिणाम देने वाली होनी चाहिए, बैठक सिर्फ बैठक के लिए नहीं होनी चाहिए.
नवीन जायसवाल ने अबुआ आवास योजना में चल रहे भ्रष्टाचार का मामला उठाया
बैठक में जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े अलग-अलग मुद्दे उठाये, जिसमें प्रमुख रूप से केंद्र प्रायोजित योजनाओं में उद्घाटन-शिलान्यास व क्रियान्वयन के साथ ही गति प्रगति की जानकारी सभी सांसदों को दिये जाने की बात कही गयी. संबंधित क्षेत्र में हो रहे विकास कार्यों की सूचना सभी जनप्रतिनिधियों को देना सुनिश्चित किये जाने की मांग की गयी. विधायक नवीन जायसवाल ने अबुआ आवास योजना में चल रहे भ्रष्टाचार का मामला उठाया और इसकी जांच करने को कहा. विधायक ने यह भी कहा कि अबुआ आवास में एक-एक पंचायत से 3000 तक आवेदन स्वीकार किये गये हैं और सिर्फ 60 - 70 लोगों का आवास दिये जा रह हैं, जो बिल्कुल गलत है. ससमय काम पूरा नहीं करनेवाले ठेकेदारों को ब्लैकलिस्टेड करने की मांग
इस क्रम में विधायक ने अमृत योजना के तहत अब तक अधूरे पड़े कार्यो का मामला भी उठाया और डीसी से कहा कि सभी विभागों में आपसी समन्वय बनाकर इस कार्य को पूर्ण किया जाये. कई ऐसे कार्यों का भी मामला जनप्रतिनिधियों ने उठाया जो शिलान्यास के 1 साल बाद भी पूर्ण नहीं हो पाये थे. ऐसे मामलों में ठेकेदारों को ब्लैकलिस्टेड करने के साथी दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई की बात भी कही गयी. प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना की स्थिति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिया गया कि सड़क निर्माण गुणवत्ता पूर्ण हो और ससमय हो, इस बात का ध्यान रखें. जुड़को और नगर निगम के द्वारा सड़कों पर जहां-तहां गड्ढे खोदे जाने का मामला उठा
रांची के विधायक सीपी सिंह ने रांची शहर में जुड़को और नगर निगम के द्वारा सड़कों पर जहां-तहां गड्ढे खोदे जाने का मामला उठाया और स्पष्ट निर्देश दिया कि जुडको के द्वारा जो भी गड़बड़ियां की जा रही है, उसे निश्चित समय सीमा के अंदर ठीक करें. दुर्गापूजा से पहले सभी सड़कों को दुरुस्त करें. रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि केंद्रीय खादी ग्रामोद्योग आयोग के माध्यम से रांची जिले के स्वयं सहायता समूह को जोड़ने की दिशा में योजना बनायें और स्वरोजगार के अवसर सृजित हों। इस दिशा में जिला प्रशासन कार्य करें. बालू की अनुपलब्धता से विकास कार्यों के प्रभावित होने का मामला छाया रहा
बैठक में बालू नहीं उपलब्ध कराये जाने का भी मामला चर्चा में रहा. कई विभागों के अधिकारियों ने कहा कि बालू की अनुपलब्धता की वजह से विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं. इस मुद्दे में हस्तक्षेप करते हुए डीसी ने कहा कि बालू यदि रांची में उपलब्ध नहीं हो पा रही है तो आसपास के जिलों से संपर्क करें. बालू के अभाव में प्रभावित हो रही योजनाओं की सूची बनायें, ताकि बालू उपलब्ध कराकर योजनाओं को ससमय पूर्ण किया जा सके. बैठक में जिला खनन पदाधिकारी अनुपस्थित थे. जनप्रतिनिधियों ने उन्हें शो कॉज करने के लिए कहा. इसके अलावा जीवित व्यक्तियों को मृत बताकर उनकी वृद्धा पेंशन रोकने वाले अधिकारियों पर कार्रवाई करते हुए प्रभावित लोगों को पेंशन उपलब्ध कराने की भी बात अधिकारियों ने कही. जनप्रतिनिधियों ने हर घर नल योजना में भारी गड़बड़ी की बात कही
केंद्र द्वारा प्रायोजित हर घर नल योजना में भारी गड़बड़ी सामने आयी है. जनप्रतिनिधियों ने एक स्वर से इस योजना में व्यापक पैमाने पर गड़बड़ी की बात कही. इस मुद्दे पर संजय सेठ ने स्पष्ट निर्देश दिया कि पूरे जिले में जल जीवन मिशन की जांच की जानी चाहिए. यह सुनिश्चित किया जाना चाहिए कि यह योजना समय पर पूरी हो. डीसी ने अधिकारियों का स्पष्ट निर्देश दिया कि जो भी विकास कार्य हो रहे हैं, उनमें जनप्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित कराई जाये अन्यथा दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी. सदर अस्पताल की प्रशंसा की गयी
समिति द्वारा सदर अस्पताल रांची की प्रशंसा की गयी. संजय सेठ ने कहा कि सदर अस्पताल बढ़िया कार्य कर रहा है. अस्पताल में एमआरआई और सीटी स्कैन की व्यवस्था के बारे में जानकारी ली गयी जिस पर सिविल सर्जन ने कहा कि जल्द ही व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी. समिति द्वारा असाध्य बीमारी योजना के लाभ के लिए जानकारी डिस्प्ले करने का निर्देश दिया गया. बैठक में राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, महुआ माजी और आदित्य साहू, लोकसभा सांसद सुखदेव भगत और कालीचरण मुंडा, विधायक सीपी सिंह, नवीन जायसवाल और समरी लाल, रांची डीसी राहुल सिन्हा, डीडीसी दिनेश यादव, रांची एसएसपी चंदन सिन्हा सहित कई जनप्रतिनिधि और अधिकारी मौजूद रहे.
Leave a Comment