Search

 
 
 

Doctor's Day  : चिकित्सकों का सम्मान, बेहतर स्वास्थ्य सेवा जारी रखने का संदेश

राष्ट्रीय डॉक्टर डे के मौके पर बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर जिले के चिकित्सकों को सम्मानित किया गया. इस दौरान समाज और स्वास्थ्य सेवा में उनके योगदान की सराहना की गई.
 

Ranchi : राष्ट्रीय डॉक्टर डे के मौके पर बुधवार को सिविल सर्जन कार्यालय में कार्यक्रम आयोजित कर जिले के चिकित्सकों को सम्मानित किया गया. इस दौरान समाज और स्वास्थ्य सेवा में उनके योगदान की सराहना की गई. सभी चिकित्सकों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया.

 

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सिविल सर्जन डॉ. प्रभात कुमार ने कहा कि हर साल 1 जुलाई को राष्ट्रीय डॉक्टर डे मनाया जाता है. यह दिन महान चिकित्सक और पश्चिम बंगाल के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. विधान चंद्र रॉय की जयंती और पुण्यतिथि पर उनके सम्मान में मनाया जाता है.

 

उन्होंने कहा कि डॉक्टर केवल बीमारियों का इलाज नहीं करते, बल्कि लोगों को स्वस्थ और सुरक्षित जीवन देने में भी बड़ी भूमिका निभाते हैं. महामारी, दुर्घटना और अन्य स्वास्थ्य आपात स्थिति में भी डॉक्टर बिना अपनी सुविधा की चिंता किए लगातार सेवा देते हैं.

 

डॉ. प्रभात कुमार ने सभी चिकित्सकों से मरीजों के प्रति संवेदनशीलता, सेवा भावना और नैतिक मूल्यों के साथ काम करने की अपील की. उन्होंने कहा कि लोगों को अच्छी और आसानी से मिलने वाली स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास करते रहना चाहिए.

 

सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. बिमलेश सिंह ने भी डॉक्टरों के योगदान की सराहना की और उनके अच्छे स्वास्थ्य व बेहतर भविष्य की कामना की.कार्यक्रम में डीआरसीएचओ डॉ. असीम कुमार माझी, डीटीओ डॉ. एस. के. बास्की, डीएमओ डॉ. एस. के. साबरी, डॉ. ए. वी. के. बखला, डॉ. आर. के. जायसवाल, डॉ. आर. के. सिंह, जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रवीण सिंह सहित कई चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे. कार्यक्रम के अंत में प्रवीण सिंह ने सभी का आभार व्यक्त किया.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही