Ranchi News : भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय की ओर से आयोजित राष्ट्रव्यापी अभियान सेवा पर्व 2025–भारत के रंग, कला के संग के तहत DSPMU और IGNCA के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित चित्रकला कार्यशाला व प्रतियोगिता के पुरस्कारों का वितरण किया गया
विकसित भारत @2047 विषय पर आयोजित इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में 13 स्कूलों और 5 कॉलेजों व विश्वविद्यालयों के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया था. पुरस्कार वितरण समारोह विवेकानंद विद्यामंदिर स्कूल, रांची में आयोजित हुआ. रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ और पद्मश्री अशोक भगत की उपस्थिति में सफल प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया.
प्रतियोगिता में DSPMU के कला विभाग के विद्यार्थियों ने तीनों शीर्ष स्थान हासिल कर विश्वविद्यालय का नाम रोशन किया. प्रथम पुरस्कार 25 हजार शैलजा केडिया, द्वितीय पुरस्कार 15 हजार शंकी कुमारी और तृतीय पुरस्कार 10 हजार आयुष चौधरी को मिला.
इस उपलब्धि पर कुलपति डॉ. राजीव मनोहर ने विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह उनकी रचनात्मकता, कलात्मक उत्कृष्टता, समर्पण और प्रतिभा के साथ शिक्षकों के निरंतर प्रोत्साहन व मार्गदर्शन का परिणाम है.
उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि DSPMU और पूरे विश्वविद्यालय परिवार के लिए गर्व का क्षण है. विश्वविद्यालय विद्यार्थियों को अपनी कलात्मक प्रतिभा निखारने और प्रतिष्ठित मंचों पर उसे प्रदर्शित करने के अवसर उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है.यह जानकारी विश्वविद्यालय के पीआरओ डॉ. राजेश कुमार सिंह ने दी.
