Search

Advertisement
Advertisement
Advertisement

मूसलाधार बारिश के कारण शहर के कई मुहल्लों में बिजली गुल रही

शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भारी बारिश के कारण लोकल फाल्ट की समस्या    Ranchi :  पूरे रांची शहर में मूसलाधार बारिश ने शुक्रवार को कई मोहल्लों की बत्ती गुल कर दी. लोकल फॉल्ट, फ्यूज उड़ने, जंपर कटने और ट्रांसफार्मर में आयी समस्या के कारण घंटों बिजली गुल रही, कई मोहल्लों में बारिश के कारण मरम्मत कार्य पूरी तरह प्रभावित रहा. जिसके कारण चार से पांच घंटे इन मोहल्लों में बिजली आपूर्ति बाधित रही. लोकल वोल्टेज, बिजली के आने-जाने का सिलसिला भी जारी रहा.

चुटिया सब स्टेशन अंतर्गत जंपर कटने की शिकायत आयी

चुटिया सब स्टेशन अंतर्गत जंपर कटने की शिकायत आयी, जिसके कारण कई इलाकों में बिजली नहीं रही. सामलौंग भुईंया टोली में सुबह से गयी बिजली शाम सात बजे तक नहीं रही. घंटों बिजली नहीं रहने से लोगों को भारी परेशानी हुई. घरेलू मोटर पंप से जल संग्रह करने की भी समस्या आयी. बिन पानी लोगों के दैनिक कार्य पूरी तरह प्रभावित रहे. बहुबाजार में बिजली आने जाने का सिलसिला बना रहा. करीब चार घंटे बिजली नहीं हाेने की शिकायत उपभोक्ताओं ने की.

ईस्ट जेल रोड में सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक लाइन नहीं

नया टोली में एक से दो घंटे बिजली नहीं रही. डॉ अमित मुखर्जी ईस्ट जेल रोड में सुबह 11 बजे से शाम चार बजे तक लाइन नहीं रही. धुर्वा इलाके में भी लोकल फॉल्ट होने व बारिश के कारण मरम्मत कार्य में घंटों विलंब हुआ और लोगों को बाधित बिजली से रूबरू होना पड़ा.

शाहदेव नगर, लक्ष्मी नगर में लोकल फॉल्ट के कारण बिजली नहीं रही

इसके अलावा गुरुवार रात दो बजे से शाहदेव नगर, लक्ष्मी नगर में लोकल फॉल्ट के कारण बिजली नहीं रही.  सुबह शिकायत करने के बाद सुबह आठ बजे बहाल हो पायी. साथ ही खेलगांव इलाके में कंडक्टर में खराबी होने के कारण गुरुवार देर रात गाड़ीगांव पहान टोली में बिजली बहाल हो पायी. देर रात पूरे इलाके में अंधेरा पसरा रहा.

कई इलाकों में सुरक्षात्मक कारणों से बिजली बंद रखी गयी

मूसलाधार बारिश के दौरान कई मोहल्ले जलमग्न हो गये और सड़कों पर काफी पानी भर गया.  घरों में नाले व सड़क का पानी प्रवेश कर रहा था. जिसकी सूचना पर कई मोहल्लों में सुरक्षात्मक कारणों से बिजली बंद करनी पड़ी. वहीं, सड़कों किनारे मौजूद बिजली पोल का आधा हिस्सा पानी में होने व पोल होकर पानी बहने के कारण अधिकतर जगहों में करंट की संभावना को देखते हुए लाइन काटी गयी. बारिश समाप्त होने पर संबंधित डिवीजन और संबंधित क्षेत्र के बिजली कर्मी अपने-अपने इलाकों में देर रात तक गश्त करते रहे और बिजली सामान्य करने का प्रयास करते रहे.

50 से अधिक घरों में पानी घुस गया

रांची में पिछले 12 घंटे से हो रही तेज बारिश की वजह से कई इलाकों में बाढ़ जैसी स्थिति बन गयी है. शुक्रवार को सदर थाना क्षेत्र के दीपाटोली रोड नम्बर पांच स्थित मुहल्ले में बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो गयी.  50 से अधिक घरों में पानी घुस गया. जिसमें 100 से अधिक लोग फंसे हुए हैं. पानी में फंसे लोगों को रेस्क्यू करने के लिए एनडीआरएफ की टीम को लगाया गया. एनडीआरएफ की टीम घरों और सड़क पर फंसे लोगों को रेस्क्यू कर रही है.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही