Search

 
 
 

Dumka : मयूराक्षी नदी से अवैध बालू का खेल जारी, खान विभाग ने पकड़ा 60 हजार CFT का डंप

Dumka News :  जानकारी के अनुसार, खनन विभाग ने मौजा शिलाजोड़ी, बनियाग्राम और श्यामपुर में अवैध रूप से जमा बालू के डंप जब्त किये हैं. जब्त बालू को राजीनामा की प्रक्रिया के तहत संबंधित ग्राम प्रधानों की सुपुर्दगी में दिया गया है. विभाग आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कंप्लेंट केस दर्ज कराने की तैयारी में है.
 
अवैध बालू
  • रानेश्वर थाना क्षेत्र में तीन जगहों पर मिला अवैध बालू का भंडार
  • थाना प्रभारी ने क्षेत्र में कारोबार से किया इनकार
  • स्थानीय लोगों ने पुलिस संरक्षण में वसूली तक के लगाये आरोप

Ranchi/Dumka News :  दुमका जिले के मयूराक्षी नदी में अवैध बालू के कारोबार पर अंकुश नहीं लग पा रहा है. एनजीटी की रोक के बावजूद नदी और आसपास के इलाकों में बालू के अवैध उठाव और भंडारण की शिकायतें सामने आती रही हैं. इसकी पुष्टि खान विभाग की हालिया कार्रवाई से भी हुई है.

 

विभाग की टीम ने रानेश्वर थाना क्षेत्र के तीन अलग-अलग मौजों में छापेमारी कर 60 हजार सीएफटी से अधिक अवैध बालू जब्त किया है. जिन स्थानों पर बालू का डंप मिला है, वे थाना परिसर से महज तीन से सात किलोमीटर के दायरे में हैं. विभाग अब बालू डंप करने वालों के साथ संबंधित जमीन मालिकों पर भी कानूनी कार्रवाई की तैयारी कर रहा है.

 

जानकारी के अनुसार, खनन विभाग ने मौजा शिलाजोड़ी, बनियाग्राम और श्यामपुर में अवैध रूप से जमा बालू के डंप जब्त किये हैं. जब्त बालू को जिम्मेनामा की प्रक्रिया के तहत संबंधित ग्राम प्रधानों की सुपुर्दगी में दिया गया है. विभाग आवश्यक कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद कंप्लेंट केस दर्ज कराने की तैयारी में है.

Uploaded Image

बेनिअग्राम में डंप बालू पकड़ा गया

 

थाने के आसपास अवैध डंप, पुलिस की जानकारी पर सवाल

मयूराक्षी नदी से सटे गांवों में अवैध बालू का भंडारण मिलने के बाद स्थानीय पुलिस की भूमिका पर भी सवाल उठ रहे हैं. रानेश्वर थाना प्रभारी त्रिपुरारी भगत से जब इस संबंध में पूछा गया, तो उन्होंने थाना क्षेत्र में अवैध बालू कारोबार होने से इनकार किया.

 

इसके विपरीत, खनन विभाग की कार्रवाई में थाना परिसर से महज तीन से सात किलोमीटर के दायरे में तीन स्थानों पर अवैध बालू का डंप मिला है. ऐसे में स्थानीय स्तर पर पुलिस की निगरानी और कार्रवाई को लेकर सवाल उठ रहे हैं. स्थानीय लोगों का आरोप है कि इलाके में बालू और पत्थर का अवैध कारोबार पुलिस और राजनीतिक संरक्षण में चल रहा है.

 

कुछ लोगों ने यह भी आरोप लगाया है कि अवैध खनिज परिवहन करने वाले वाहनों को रोककर पुलिस पीसीआर के स्तर पर कथित रूप से वसूली की जाती है. हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है.

Uploaded Image

सामपुर में भी बालू जब्त

बालू डंप करने वालों के साथ जमीन मालिकों पर भी होगी कार्रवाई

खान विभाग इस बार केवल बालू का अवैध भंडारण करने वालों तक कार्रवाई सीमित रखने के मूड में नहीं है. जिस जमीन पर अवैध बालू का डंप मिला है, उसके मालिकों की भूमिका की भी जांच की जायेगी. विभाग संबंधित जमीन मालिकों के खिलाफ भी कंप्लेंट केस दर्ज करने की तैयारी कर रहा है. निजी जमीन पर अवैध खनिज का भंडारण किसकी अनुमति से किया गया और इसमें जमीन मालिक की क्या भूमिका रही, इसकी जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई होगी.

 

एनजीटी की रोक के बीच मयूराक्षी से अवैध खनन जारी रहा

मयूराक्षी नदी में बालू के अवैध उठाव को लेकर लंबे समय से शिकायतें मिलती रही हैं. स्थानीय लोगों का कहना है कि एनजीटी की रोक के दौरान भी नदी से बालू निकालने और उसका परिवहन करने का सिलसिला जारी रहता है. लोगों ने इस कारोबार में प्रभावशाली लोगों की संलिप्तता की आशंका भी जतायी है. 

 

पीसीआर के सामने से गुजरते हैं बालू लदे वाहन, परिवहन विभाग भी निशाने पर

दुमका शहर के नजदीक दुमका-रामेश्वर मार्ग और नाला क्षेत्र से भी रात के समय बालू लदे वाहनों के गुजरने की शिकायतें हैं. स्थानीय लोगों का दावा है कि कई वाहन पुलिस पीसीआर के सामने से निकल जाते हैं, लेकिन उनके खिलाफ कार्रवाई नहीं होती. वहीं, अवैध खनिज और ओवरलोड सामग्री लेकर चलने वाले वाहनों पर जिला परिवहन पदाधिकारी की ओर से कार्रवाई नहीं किये जाने को लेकर भी सवाल उठाये जा रहे हैं.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही