Search

 
 
 

दुर्गापूजा : धनबाद डीसी व एसएसपी ने किया निरीक्षण, सड़कों की सूरत बदलने में जुटा प्रशासन

Dhanbad News : रविवार देर शाम धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने केंदुआडीह, गया पुल, पम्पू तालाब, गोल बिल्डिंग और बलियापुर चौक समेत विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया.
 
सड़कों का निरीक्षण करते डीसी व एसएसपी

Dhanbad News : दुर्गापूजा में श्रद्धालुओं को आवागमन में परेशानी न हो और शहर की यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे इसके लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं.

 

इसी कड़ी में रविवार देर शाम धनबाद के उपायुक्त आदित्य रंजन और वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने केंदुआडीह, गया पुल, पम्पू तालाब, गोल बिल्डिंग और बलियापुर चौक समेत विभिन्न इलाकों का निरीक्षण किया.

 

 

 

अधिकारियों ने सड़कों की स्थिति, नालियों की व्यवस्था, साफ-सफाई और रोशनी का जायजा लेते हुए संबंधित विभागों को जरूरी निर्देश दिए.निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि दुर्गापूजा के दौरान शहर और आसपास के क्षेत्रों में श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ जाती है. ऐसे में सड़कों की बदहाली, जलनिकासी और अंधेरे के कारण लोगों को परेशानी नहीं होनी चाहिए.

 

इसके लिए नगर निगम, सड़क निर्माण विभाग (आरसीडी), अंचल प्रशासन और पुलिस को आपसी समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया गया है. प्रशासन का जोर पूजा शुरू होने से पहले बुनियादी सुविधाओं को दुरुस्त करने और यातायात को सुगम बनाने पर है.

 

तीन से पांच दिनों में प्रमुख सड़कों की मरम्मत का लक्ष्य

 उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को अगले तीन से पांच दिनों के भीतर प्रमुख सड़कों को यथासंभव चलने लायक बनाने का निर्देश दिया.जिन सड़कों पर बिटुमिनस कार्य किया जा सकता है वहां प्राथमिकता के आधार पर मरम्मत पूरी करने को कहा गया है.

 

जिन स्थानों पर तत्काल स्थायी मरम्मत संभव नहीं है वहां भी जरूरी अस्थायी सुधार किए जाएंगे. साथ ही दीपावली और छठ पूजा को ध्यान में रखते हुए सड़कों की स्थिति बेहतर बनाने की तैयारी की जा रही है.

 

वार्डों में बढ़ाई जाएंगी रोशनी की व्यवस्था

दुर्गापूजा के दौरान पंडालों और प्रमुख मार्गों पर श्रद्धालुओं की आवाजाही को देखते हुए रोशनी की व्यवस्था पर भी विशेष जोर दिया गया है. उपायुक्त ने बताया कि नगर निगम की ओर से वार्ड पार्षदों की अनुशंसा के आधार पर विभिन्न स्थानों के लिए 15 से 20 अतिरिक्त लाइटें उपलब्ध कराई गई हैं. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि भीड़भाड़ वाले इलाकों, प्रमुख सड़कों और श्रद्धालुओं के आवागमन वाले मार्गों पर पर्याप्त रोशनी सुनिश्चित की जाए.

 

केंदुआडीह सड़क पर खतरा बरकरार,  छोटे वाहन ही चलेंगे

निरीक्षण के दौरान केंदुआडीह सड़क की स्थिति को लेकर विशेष चर्चा हुई.सड़क पर दरारें दिखाई देने और संबंधित क्षेत्र में गैस रिसाव की स्थिति को देखते हुए प्रशासन ने सतर्कता बरतने का निर्णय लिया है.

 

उपायुक्त ने बताया कि फिलहाल सड़क पर बालू भराई समेत आवश्यक अस्थायी कार्य कराए जा रहे हैं.दुर्गापूजा तक सड़क को अस्थायी रूप से चालू करने का प्रयास किया जा रहा है. स्थायी समाधान के लिए पूजा के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी.

 

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि फिलहाल इस सड़क पर केवल छोटे वाहनों के परिचालन की अनुमति रहेगी. सड़क के डेंजर जोन में होने के कारण वहां लगातार निगरानी रखी जाएगी. करीब एक माह तक स्थिति का आकलन करने के बाद ही यह तय किया जाएगा कि भविष्य में इस मार्ग पर वाहनों का परिचालन किस तरह जारी रखा जा सकता है.

 

उन्होंने आम लोगों से अपील की कि सड़क का इस्तेमाल फिलहाल अस्थायी व्यवस्था को ध्यान में रखकर ही करें. साथ ही संबंधित क्षेत्र में किसी तरह का स्थायी निर्माण या ऐसी गतिविधि नहीं करें जिससे सुरक्षा संबंधी जोखिम बढ़े.

 

यातायात और सुरक्षा पर भी रहेगी नजर

वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए यातायात व्यवस्था सुचारू रखने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए.

 

उन्होंने निरीक्षण के दौरान चिह्नित समस्याओं के समाधान के साथ भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा और आवागमन की व्यवस्था पर विशेष ध्यान देने की जरूरत बताई.

 

उपायुक्त ने कहा कि दुर्गापूजा के दौरान आम लोगों की सुविधा, सुरक्षित आवागमन और सुगम यातायात प्रशासन की प्राथमिकता है.इसके लिए विभिन्न विभागों को आपसी समन्वय से काम करते हुए निरीक्षण में सामने आई कमियों को जल्द दूर करने का निर्देश दिया गया है.

 

निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त आशीष गंगवार, सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव, सड़क निर्माण विभाग के कार्यपालक अभियंता मिथिलेश कुमार, आरसीडी की टीम, अंचल अधिकारी और पुलिस प्रशासन के वरीय अधिकारी मौजूद थे.

 

 Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.    

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही