Search

 
 
 

लालू के करीबी व बालू किंग सुभाष यादव को ईडी ने किया गिरफ्तार, कोर्ट ने न्यायिक हिरासत में भेजा

 
Patna :   राजधानी पटना से बड़ी खबर सामने आ रही है. ईडी ने अवैध संपत्ति मामले में लालू के करीबी व बालू माफिया सुभाष यादव को देर रात गिरफ्तार कर लिया है. गिरफ्तारी के बाद आज रविवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया. जहां अदालत ने सुभाष यादव को न्यायिक हिरासत में भेज दिया.

ईडी ने सुभाष यादव के 6 ठिकानों पर 14 घंटे की थी छापेमारी 

बता दें कि ईडी ने कथित अवैध बालू खनन से जुड़े धन शोधन मामले में शनिवार को बालू किंग के नाम से मशहूर सुभाष यादव के करीब 6 ठिकानों पर 14 घंटे तक छापेमारी की थी. ईडी की टीम शनिवार सुबह सुभाष यादव के पटना के दानापुर स्थित आवास पहुंची थी और तलाशी ली थी. करीब 14 घंटे तक छापेमारी और पूछताछ के बाद ईडी ने सुभाष यादव को गिरफ्तार कर लिया. छापेमारी के दौरान ईडी को सुभाष के घर से दो करोड़ कैश के अलावा पटना, रांची समेत अन्य स्थानों पर जमीन-जायदाद से संबंधित कागजात मिले हैं. इसके अलावा सुभाष यादव के ठिकानों से निवेश से जुड़े दस्तावेज भी बरामद हुए हैं.

आयकर विभाग ने भी सुभाष यादव के ठिकानों पर मारी थी रेड

बता दें कि ईडी से पहले सुभाष यादव आयकर विभाग की रडार पर थे. 2022 में आयकर विभाग ने उनके कई ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की थी. इस छापेमारी के दौरान सुभाष यादव द्वारा करोड़ों की आयकर चोरी की बात सामने आयी थी. इससे पहले 2018 में भी सुभाष यादव के ठिकानों पर आयकर विभाग की रेड पड़ी थी. आईटी टीम ने सुभाष यादव के पटना, दिल्ली और धनबाद स्थित कई ठिकानों पर तलाशी ली थी.

झारखंड के चतरा से लोस चुनाव भी लड़ चुके हैं सुभाष यादव

बताया जाता है कि बालू माफिया सुभाष यादव लालू यादव के काफी करीबी हैं. सुभाष यादव लालू परिवार के फाइनेंसर भी माने जाते हैं. उन पर कई बार लालू-राबड़ी और उनके परिजनों को फ्लैट-जमीन देने के आरोप भी लगे हैं. सुभाष यादव आरजेडी नेता पूर्व विधायक भी हैं. इतना ही नहीं पिछले बार लोकसभा चुनाव में वो झारखंड के चतरा से आरजेडी के टिकट पर चुनाव भी लड़ चुके हैं. हालांकि वो चुनाव हार गये थे. सुभाष यादव के खिलाफ बिहार में 14 मुकदमे चल रहे हैं. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही