Ranchi/Dhanbad : चर्चित कोयला व्यापारी एलबी सिंह और अनिल गोयल के जुड़े लोगों के ठिकानों से बेनामी चल-अचल संपत्ति के दस्तावेज़ मिले है. छापामारी में मिले दस्तावेज़ के मूल्यांकन का काम जारी है. छापामारी में मिले बेनामी संपत्ति की कीमत करीब 100 करोड़ रुपये आंकी गयी है. बेनामी संपत्ति के अलावा छापेमारी के दौरान एक करोड़ रुपये नगद भी मिले हैं. ईडी के अधिकारियों द्वारा छापेमारी में मिली बेनामी संपत्ति को जब्त करने की कार्रवाई की जा रही है.
उल्लेखनीय है कि ईडी की टीम ने मंगलवार की सुबह धनबाद के दोनों कोयला कारोबारियों के करीबी लोगो, पार्टनर्स के अलावा अकाउंटेंट और CA के ठिकानों पर छापेमारी शुरु की थी. छापेमारी सुबह करीब 6.30 बजे शुरु हुई. छापेमारी अभी जारी है. छापामारी के दायरे में शामिल कुछ ठिकानों पर छापामारी समाप्त हो गयी है. जबकि कुछ ठिकानों पर अभी जारी है.
जिनके यहां छापामारी हुई
- अनिल गोयल के करीबीः गणेश यादव, इम्तियाज़ अली, रोहित यादव, लक्ष्मण दूबे उर्फ पप्पू दूबे, पप्पू मंडल, महेंद्र प्रसाद सिंह. महुदा हार्ड कोक.
- एलबी सिंह के करीबीः डीके सिंह, रितेश शर्मा, रंजीत सिंह, सीए डीएन सिन्हा एंड कंपनी, हरेंद्र चौहान, अरुण चौहान.
जानकारी के मुताबिक इससे पहले भी ईडी ने दोनों कोयला कारोबारियों, उनकी कंपनियों, कार्यालयों व अन्य जगहों पर छापेमारी की थी. छापेमारी में मिले दस्तावेज के आधार पर दोनों कोयला कारोबारियों को पूछताछ के लिए बुलाया गया था. जिसके बाद ईडी ने दुबारा दोनों कोयला कारोबारियों के लोगों के ठिकानों पर छापेमारी की है.
इससे पहले भी इन कारोबारियों के यहां आयकर विभाग, जीएसटी व अन्य एजेंसियों की छापेमारी हो चुकी है. आयकर की छापेमारी में कोयला कारोबारी एलबी सिंह के एकाउंट में 100 करोड़ रुपये मिले थे. यह मामला तब राष्ट्रीय स्तर पर चर्चा का विषय बना था. एलबी सिंह भाजपा से जुड़े नेता भी हैं. पिछली बार जब ईडी की टीम उनके घर छापेमारी करने गई थी तब उन्होंने अपने कैंपस में कुत्ता छोड़ दिया था.
Leave a Comment