National news : आज बुधवार सुबह लगभग सात बजे रामपुर में सपा नेता आजम खान के जेल रोड स्थित आवास, जौहर विश्व विद्यालय समेत उनके कुछ करीबियों के ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा रेड डाले जाने की खबर है. वर्तमान में आजम खान रामपुर जेल में छोटे बेटेअब्दुल्ला आजम के साथ सजा काट रहे हैं.
मामला यह है कि सपा नेता आजम खान का जौहर ट्रस्ट आयकर विभाग को विश्वविद्यालय के निर्माण में लगे अरबों रुपये के खर्च का हिसाब किताब नहीं दे रहा है. निर्माण कार्य में भारी मात्रा में काला धन लगाये जाने की आशंका है.सूत्रों के अनुसार इसी की जांच के लिए ईडी ने छापेमारी की है.
दरअसल ईडी ने जुलाई में आजम खान पर दर्ज सभी मुकदमों का ब्योरा पुलिस-प्रशासन से ले लिया था. उसी समय से माना जा रहा था ईडी का छापा कभी भी पड़ सकता है. इससे पहले वर्ष 2022 में ईडी की एक टीम जौहर यूनिवर्सिटी जांच करने आयी थी.
नेशनल खबरों के लिए यहां क्लिक करें
ईडी के छापे से दो पैन कार्ड मामले में रामपुर की जेल में दस वर्ष कैद की सजा काट रहे सपा के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खान की मुसीबत बढ़ गयी है. जानकारी के अनुसार मौलाना मोहम्मद अली जौहर ट्रस्ट जौहर विश्वविद्यालय के निर्माण पर अनुमानित खर्च 494 करोड़ का ब्योरा आयकर विभाग को उपलब्ध नहीं कराया है.
अहम खबर यह है कि आयकर विभाग द्वारा इसी साल 23 जून को आय -व्यय का लेखाजोखा उपलब्ध नहीं करा पाने सहित अन्य अनियमितताओं के कारण ट्रस्ट का पंजीकरण निरस्त किया जा चुका है
इसके बाद आयकर विभाग ने जौहर ट्रस्ट को नोटिस जारी किया था. नोटिस के तहत 2015 से 2020 तक ट्रस्ट को हुई आय और व्यय के साथ जौहर विश्वविद्यालय के लिए जमीन खरीद, इंफ्रास्ट्रक्चर और निर्माण पर खर्च की गयी धनराशि का साक्ष्यों समेत जवाब देने के निर्देश दिये थे.
खबर है कि एक अन्य नोटिस में दान के नाम पर ट्रस्ट को करोड़ों रुपये का चंदा देने वाली 11 संदिग्ध फर्मों का रिकार्ड भी तलब किया गया था, लेकिन ट्रस्ट ने खामोशी अख्तियार कर ली.उसने आयकर विभाग से कुछ और समय देने की मांग की थी.
मोहम्मद आजम खान के बारे में बता दें कि अब तक 16 मुकदमो में न्यायालय ने फैसला सुनाया है, जिनमें आठ में आजम खान को सजा हुई है, अन्य आठ में क्लीन चिट मिली है. यूपी में योगी की सरकार आने के बाद आजम खान के खिलाफ 84 मुकदमे दर्ज हुए हैं.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट में अपनी राय साझा करें.