Search

 
 
 

हेमंत सोरेन से रिमांड के दौरान इन सवालों का जवाब पूछेगी ED, बड़गाईं अंचल के हल्का कर्मचारी ने CMO के निर्देश पर की थी नोटिंग!

 
Vinit Abha Upadhyay/ Saurav Singh Ranchi : इन्फोर्समेंट डायरेक्टोरेट (ED)  आज से पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से लैंड स्कैम से जुड़े केस में पूछताछ शुरू करेगी. रांची PMLA (प्रीवेन्शन ऑफ मनी लॉन्ड्रिंग एक्ट) की विशेष कोर्ट ने एजेंसी को हेमंत सोरेन से पांच दिनों तक पूछताछ करने की अनुमति दी है. एजेंसी हेमंत सोरेन से रिमांड के दौरान इन सवालों के जवाब जानना चाहती है. वो ये हैं- - ED के पास जो साक्ष्य है, उसे आरोपी के समक्ष रखकर पूछताछ की जायेगी. जिससे यह पता चल पाये कि आरोपी के साथ भूमि के अवैध अधिग्रहण में और कौन कौन शामिल है. - आरोपी व्यक्ति के साथ इस पूरे प्रकरण में शामिल अन्य लोगों की भूमिका का पता लगाने के लिए पूछताछ जरूरी है. - धन और संपत्ति के उन स्रोतों की जांच करना, जिसके जरिये बड़े भूखंड पर कब्जा किया गया और आरोपी द्वारा अर्जित की गयी अन्य संपतियों की जांच के संबंध में पूछताछ जरुरी है.

हल्का कर्मचारी के फोन से मिले थे हेमंत द्वारा अवैध रूप से अर्जित और कब्जा की गयी जमीन की जानकारी

दरअसल लैंड स्कैम से जुड़े मनी लॉन्ड्रिंग केस में तलाशी के दौरान ED को बड़गाईं अंचल के हल्का कर्मचारी भानु प्रताप का मोबाइल फोन मिला था, जिसे एजेंसी ने जब्त कर लिया था. उसकी मौजूदगी में ही इसका डेटा निकाला गया था. उक्त मोबाइल फोन में नकद लेनदेन, भूमि अधिग्रहण में दूसरों को अवैध लाभ पहुंचाने से संबंधित कई चैट और जानकारियां मिली थीं. उसी जानकारी में हेमंत सोरेन द्वारा अवैध रूप से अर्जित और कब्जा की गयी जमीन-जायदाद की भी जानकारी मिली. जो उसके अधिकार क्षेत्र (बड़गाईं अंचल) में स्थित थे. भूमि का कुल क्षेत्रफल 8.5 एकड़ है.

CMO के निर्देश पर हल्का कर्मचारी ने की थी नोटिंग!

CMO के निर्देश पर तत्कालीन अंचल अधिकारी ने हल्का कर्मचारी भानू प्रताप को उक्त भूखंड का निरीक्षण करने के लिए कहा. जिसके बाद हल्का कर्मचारी भानू ने खुद जा कर भूखंड का निरीक्षण किया और उसके बाद अपनी नोटिंग की. जिस भूखंड के लिए पूर्व मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आरोपी बनाया गया है, वह रांची के बड़गाईं में स्थित है और उसका कुल रकबा (क्षेत्रफल) लगभग 8.50 एकड़ है. खतियान में यह भूखंड लोढ़ा पाहान के नाम से दर्ज है और इसका नेचर बकास्त भुईहरि और गैर भुईहरि दर्ज है. [wpse_comments_template]
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही