Search

 
 
 

चाईबासा में जोबा मांझी के समर्थन में चुनावी सभा, राहुल ने कहा, जल, जंगल ,जमीन पर पहला अधिकार आदिवासियों का

 
भाजपा के लोग आदिवासियों को वनवासी कहते हैं. जंगल में पूंजीपतियों को घुसा रहे हैं...  Ranchi :  कांग्रेस के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज मंगलवार को चाईबासा में झारखंड मुक्ति मोर्चा की प्रत्याशी जोबा मांझी के समर्थन में चुनावी सभा को संबोधित किया. राहुल गांधी ने कहा कि जल, जंगल और जमीन पर पहला अधिकार आदिवासियों का है. कांग्रेस  इस अधिकार को किसी भी कीमत पर खत्म होने नहीं देगी. राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा के लोग आदिवासियों को वनवासी कहते हैं, यानी आदिवासी लोग जंगलों में रहते हैं. आरोप लगाया कि भाजपा के लोग जंगल में अब अदानी और अंबानी को प्रवेश करवा रहे हैं. इससे एक दिन जंगल खत्म हो जायेंगे. आपसे कहा जायेगा कि अब आप लोग यहां से चले जाइए. जंगल में आप लोगों के लिए रहने की जगह नहीं है.

भाजपा के लोग संविधान को बदलना चाहते हैं

अपने भाषण के क्रम में राहुल गांधी ने कहा कि भाजपा के लोग संविधान को बदलना चाहते हैं. उस संविधान को बदलना चाहते हैं.  जिसके जरिए आदिवासी, दलित और पिछड़ों को नौकरी, शिक्षा, भोजन तमाम तरह के अधिकार मिलते हैं. आरक्षण भी इसी संविधान के तहत मिलता है, इसलिए संविधान बदलकर आदिवासी, दलित एवं पिछड़ों का अधिकार यह लोग खत्म करना चाहते हैं, मगर कांग्रेस किसी भी कीमत पर संविधान को बदलने या खत्म करने नहीं देगी. राहुल ने कहा कि इसके लिए जो भी कुर्बानी देनी पड़ेगी,  कांग्रेस और इंडिया गठबंधन के लोग देने को तैयार है.

आदिवासियों से  बदसलूकी की जाती है, उसे मीडिया नहीं दिखाता

राहुल गांधी ने कहा कि आदिवासियों के मुंह में पेशाब कर दिया जाता है, मगर  मीडिया वाले उसे नहीं दिखाते.  मीडिया वाले दिखायेंगे कि अडानी की शादी में किसने किस तरह की घड़ी पहनी है और किस तरह के कपड़े पहने है.. कोई भी मीडिया देश के असल मुद्दों पर चर्चा नहीं करता है. मीडिया भाजपा वालों से सवाल नहीं पूछता है. यह भी लोकतंत्र के लिए खतरे का सबब है, इससे सावधान रहने की जरूरत है.

झारखंड के आदिवासी हेमंत सोरेन के साथ खड़े हैं.

राहुल गांधी ने कहा कि एक साजिश के तहत झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री को जेल में डाल दिया गया है. मगर किसी को चिंता करने की जरूरत नहीं है. हम सभी मिलकर उन्हें जेल से निकालेंगे. कहा कि कल्पना सोरेन, चंपई सोरेन और झारखंड के तमाम आदिवासी हेमंत सोरेन के साथ खड़े हैं.

महिलाओं के अकाउंट में हर साल डालेंगे एक लाख

राहुल गांधी ने कहा कि इंडिया गठबंधन अगर सत्ता में आया तो देश की गरीब महिलाओं का और परिवारों का सर्वेक्षण कराया जायेगा और हर परिवार की एक महिला को उसके अकाउंट में हर वर्ष  100,000 रुपये डाले जायेंगे. आंगनबाड़ी एवं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं का  मानदेय दुगना कर दिया जायेगा. राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के 22 पूंजीपतियों को अरबपति और करोड़पति बना रहे हैं,  मगर हम देश की करोड़ों महिलाओं को लखपति बनायेंगे.

देश के हर बेरोजगार को सरकारी नौकरी दी जाएगी

राहुल गांधी ने कहा कि देश में नौकरी की कमी नहीं है. देश के हर बेरोजगार को सरकारी नौकरी दी जायेगी.  साथ ही कहा कि  कांग्रेस पार्टी देश के तमाम किसानों का कर्ज माफ करेगी. साथ ही  कानूनी रूप से एमएसपी देगी.

सरकारी और गैर सरकारी कंपनियों से ठेकेदारी प्रथा समाप्त होगी

राहुल गांधी ने कहा कि सरकारी संस्थानों और  गैर सरकारी संस्थानों में ठेकेदारी पर बहाली प्रथा को खत्म किया जायेगा. सभी को परमानेंट नौकरी दी जायेगी. कहा कि ठेकेदारी प्रथा की नौकरी से देश के युवाओं का भविष्य खराब हो रहा है. [wpse_comments_template]  
Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही