Search

बेहराजरा में हाथी ने कुचलकर एक व्यक्ति को मार डाला समेत रांची-आसपास की कई खबरें

Rahe/Ranchi : राहे ओपी क्षेत्र के बेहराजरा गांव के 56 वर्षीय दुखीराम महतो को गुरुवार शाम 7 बजे के आसपास एक हाथी ने कुचल कर मार डाला. घटना के बाद ग्रामीण दहशत में हैं. ग्रामीणों के अनुसार मृतक दुखीराम महतो खेत से काम कर घर लौट रहा था. रामकृष्ण आश्रम के सामने एक हाथी ने कुचल कर मार डाला. घटना की सूचना मिलने पर विधायक प्रतिनिधि श्याम महतो, सोनाहातू आजसू प्रखंड अध्यक्ष सुषेण प्रमाणिक, राहे प्रखंड अध्यक्ष रंग बहादुर महतो रात को ही वन विभाग के अधिकारी राजू महतो की टीम के साथ गांव पहुंचे. मृतक के परिजनों को मुआवजा की अग्रिम राशि 50 हजार दिये. आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिये भेज दिया. ग्रामीणों के अनुसार झुंड से एक हाथी बिछड़ गया है, जो काफी उग्र है. सोनाहातू में 2023 में हाथी के हमले से 2 की मौत हुई थी.

सरकार मुआवजा राशि में बढ़ोतरी करें : विधायक प्रतिनिधि

सोनाहातू के विधायक प्रतिनिधि श्याम महतो ने कहा कि पूरे पांच परगना में हाथी का आतंक है. बावजूद गांव की सुरक्षा, फसल की सुरक्षा को लेकर सरकार की कोई नीति नहीं है. हम मांग करते हैं कि हाथी कॉरिडोर बनाते हुए, बजट तैयार करें तथा मुआवजा राशि 15 लाख किया जाये.

बंध्याकरण शिविर का आयोजन, महिलाओं के साथ स्वजनों की उमड़ी भीड़

सिल्ली/मुरी: सिल्ली पीएचसी में बंध्याकरण शिविर का आयोजन किया गया, जिसमें पंजीकरण कराने के लिए महिलाओं के साथ उनके स्वजनों की भी भीड़ उमड़ पड़ी. निबंधित महिलाओं का खून जांच, बीपी, शुगर के साथ अन्य तरह की जांच के बाद अंतिम रूप से बंध्याकरण के लिए चयनित किया गया.
पीएचसी के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. मुकेश कुमार ने बताया कि कुल 70 महिलाओं का निबंधन किया गया है. साथ ही स्वजनों को भी भीड़ नहीं लगाने की हिदायत दी गई है. बताया कि यह कैंप अभी जारी रहेगा. जिसका उद्देश्य लोगों को परिवार नियोजन का लाभ देना है.

परिजनों ने किया हंगामा

चिकित्सकों के लेट से पहुंचने पर बंध्याकरण कराने पहुंची महिलाओं तथा परिजनों ने अस्पताल परिसर में हंगामा शुरू कर दिया. स्थिति को देखते हुए चिकित्सा प्रभारी डॉ. मुकेश कुमार ने अपनी टीम के साथ दिन के लगभग 1 बजे बंध्याकरण प्रारंभ किया. इस संबंध में चिकित्सा प्रभारी से पूछे जाने उन्होंने बताया कि बंध्याकरण शिविर में सीएस कार्यालय रांची से चिकित्सक नियुक्त किए जाते हैं. पर वे समय पर नहीं पहुंचे, जिस वजह से थोड़ी परेशानी हुई.

किचटो में अबुआ आवास में पंजीकृत योग्य लाभुकों का नाम कटा , ग्रामीण परेशान

पिपरवार : पिपरवार कोयलांचल क्षेत्र स्थित टंडवा प्रखंड के किचटो पंचायत के विभिन्न गांवों के अबुआ आवास योजना के लाभुकों का अंतिम सूची प्रकाशित किए जाने को लेकर ग्राम सभा का आयोजन किया गया. जिसमें योजना के योग्य लाभुकों की अंतिम सूची में कई योग्य लाभुकों का नाम नहीं था. जिसको लेकर ग्रामीणों ने सवाल उठाये. ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि अबुआ आवास योजना का सत्यापन करने में भारी अनियमितता बरती गई है. इसमें बिचौलिया हावी हैं. कई जरुरतमंद ग्रामीणों की सूची से नाम हटा दिया गया है. जिसमें तरवां की शांति देवी पति सोहन महतो का आवेदन संख्या 2/21/224/5077487 मिलने के बाद भी सूची में नाम नहीं होने से वह परेशान है. वहीं संगीता कुमारी का आवेदन संख्या 2/21/224/5068361, चोहानी देवी, बिमली देवी, फुलमनी देवी, गायत्री कुमारी सहि तरवां के दर्जनों योग्य लाभुकों का आवास सूची में नाम नहीं होने से परेशान हैं. वहीं गांवों में निरीक्षण के दौरान किचटो पंचायत की मुखिया संगीता देवी ने कहा कि सरकार द्वारा ज़ारी मापदंड के अनुसार योग्य लाभुकों को अबुआ आवास दिया जायेगा और सूची में कटे नाम को पुनः आवेदन देकर जोड़ा जायेगा. टंडवा बीडीओ देवलाल उरांव ने कहा कि अगर योग्य लाभुकों का नाम सूची से कट गया है तो वे 8 जनवरी तक दावा आपत्ति पंचायत में आवेदन देकर दर्ज करा सकते हैं. आवेदन के साथ योग्य लाभुक होने का प्रमाण देना होगा.

श्रमदान कर ग्रामीणों ने डेढ़ किमी सड़क का किया निर्माण

बुढ़मू : बुढ़मू प्रखंड के चैनगड़ा पंचायत के डहुटोला के ग्रामीणों ने सरकारी उदासीनता से तंग आकर शुक्रवार को श्रमदान से 1.5 किमी जर्जर सड़क को बना डाला. जानकारी के अनुसार चैनगड़ा सरहुल सरना मोड़ से डहुटोला सड़क की हालत काफी जर्जर हो गयी थी. उक्त सड़क से पैदल चलना भी दूभर हो गया था. ग्रामीण सरतू मुंडा, हेमंत मुंडा, अनिल पाहन ने कहा कि सड़क बनाने को लेकर सांसद संजय सेठ, विधायक समरीलाल समेत अधिकारियों को कई बार सूचना दी गई, लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन ही मिला. जिप सदस्य मनोज वाजपेयी के मार्गदर्शन में शुक्रवार को लगभग 200 महिला-पुरुषों ने उक्त सड़क को बना डाला. मौके पर जिप सदस्य ने कहा कि विभाग के उदासीन रवैया के कारण ग्रामीणों को इन मुसीबतों का सामना करना पड़ रहा है. मौके पर शिवा मुंडा, रामलगन पाहन, मालती देवी, रूबी देवी समेत अन्य ग्रामीण मौजूद थे.

शहीद टिकैत उमरांव सिंह व शेख भिखारी की शहादत दिवस पर टोल टैक्स नि:शुल्क करने की मांग

ओरमांझी : शहीद टिकैत उमरांव सिंह व शहीद शेख भिखारी की शहादत दिवस के अवसर पर 8 जनवरी को चुटूपालू स्थित शहीद स्थल आने-जाने के लिए टोल टैक्स नि:शुल्क करने की मांग को लेकर ओरमांझी प्रखंड मोमिन कॉन्फ्रेंस के अध्यक्ष मुबारक अंसारी ने शुक्रवार को अंचल अधिकारी ओरमांझी, थाना प्रभारी ओरमांझी व एनएचएआई ओरमांझी प्रक्षेत्र के अधिकारी को पत्र लिखा है. प्रेषित पत्र में मुबारक अंसारी ने लिखा है कि दोनों शहीदों की शहादत दिवस के अवसर पर 8 जनवरी को चुटूपालू स्थित शहीद स्थल पर विधायक, सांसद, सूबे के मंत्री, अधिकारी, अलग-अलग राजनीतिक दलों के नेता सहित क्षेत्र के खास से लेकर आम जनता श्रद्धांजलि अर्पित करने पहुंचते हैं. उक्त दिन लोगों का आना-जाना दिन भर लगा रहता है. इसी को देखते हुए मोमिन कॉन्फ्रेंस ओरमांझी प्रखंड के अध्यक्ष मुबारक अंसारी के नेतृत्व में एक प्रतिनिधि मंडल उक्त अधिकारियों को मांग पत्र सौंपा. प्रतिनिधि मंडल में सफीउल्लाह अंसारी, तौहिद आलम, औरंगजेब अंसारी, मुमताज आलम व मिन्हाज अंसारी शामिल थे.

बीच सड़क पर लगायी मछली दुकान, पुलिस ने हटवाया

बुंडू : सड़क किनारे सब्जी दुकान लगाने की होड़ के बीच मछली दुकानदारों को सड़क किनारे मछली बेचने के लिए जगह नहीं मिली. इससे नाराज मछली बिक्रेताओं ने बीच सड़क पर मछली दुकान लगा दी. जिससे सड़क जाम हो गई. बुंडू पुलिस ने बीच सड़क से मछली दुकान हटवाकर सड़क जाम हटावायी. साथ ही सड़क किनारे सब्जी बाजार न लगाने और सड़क जाम न करने की हिदायत देकर सब्जी बिक्रेताओं को अंदर दुकान लगाने को कहा.पूर्व से बड़ा बजरंगबली के पास स्थित सब्जी बाजार में अंदर सब्जी दुकान लगती है एवं बाहर मछली बाजार लगती है. लेकिन सब्जी बिक्रेताओं ने धीरे-धीरे अंदर सब्जी दुकान लगाना छोड़कर बाहर सड़क किनारे सब्जी दुकान लगाना शुरू कर दिया. अब स्थिति ऐसी हुई कि सब्जी बिक्रेताओं ने धीरे धीरे पूरी सड़क को कब्जा कर मछली बिक्रेताओं के लिए थोड़ी सी भी जगह नहीं छोड़ी. इससे नाराज होकर शुक्रवार को मछली विक्रेताओं ने सड़क पर ही दुकान लगा दी.

राहे क्षेत्र में अफ़ीम की खेती को पुलिस ने किया नष्ट

राहे : एसएसबी और राहे पुलिस ने क्षेत्र के इडिसेरेंग और सिरिडीह के आसपास जंगल में अभियान चलाकर 6 एकड़ में लगे पोस्ते की खेती को नष्ट किया. एसएसबी 26 वीं बटालियन के ए कम्पनी के जवान और राहे पुलिस ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर पोस्ता की खेती को नष्ट किया. इस अभियान में ए कंपनी के निरीक्षक मंटू कुमार, सहायक उपनिरीक्षक भूपेंद्र कुंवर, दीपक सिंह, के बिमल सिंह, राहे ओपी के सहायक उपनिरीक्षक राम पुकार बैठा इस अभियान में शामिल थे.

बाघवार एकेडमी में स्कॉलरशिप परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले स्टूडेंट्स सम्मानित

चान्हो : शुक्रवार को बाघवार अकादमी के प्रांगण में 21 दिसंबर 2023 को राजहंस अकादमी रांची द्वारा आयोजित स्कॉलरशिप परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छात्र- छात्राओं को सर्टिफिकेट एवं टी-शर्ट देकर सम्मानित किया गया. इस सम्मान समारोह के अवसर पर विद्यालय के निदेशक अशोक बाघवार , प्रधानाचार्य अरुण बाघवार, उप प्रधानाचार्य अजय उरांव , राजहंस अकादमी के सीईओ सूरज रंजन, नितेश सिंह फ़िज़िक्स के हेड ऑफ़ द डिपार्टमेंट, जितेंद्र सिंह रसायन शास्त्र के हेड ऑफ़ द डिपार्टमेंट आदि उपस्थित थे. इन सभी ने बच्चों को सम्मानित किया गया. ज्ञात हो कि राजहंस एकेडमी रांची की जानी-मानी कोचिंग इंस्टिट्यूट है, जो बच्चों को (JEE, NEET) आदि की तैयारी करवाती है.

सचिव ने नहीं की वार्ता तो पंचायत सचिवालय स्वयं सेवक संघ करेगा आंदोलन

कांके :  प्रदेश अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार के नेतृत्व में कांके प्रखंड कमेटी की बैठक हुई. इस बैठक में निर्णय लिया गया कि अगर 8 जनवरी को सरकार के सचिव विनय चौबे पंचायत सचिवालय स्वयं सेवक संघ के 10 सदस्य प्रतिनिधि मंडल से वार्ता नहीं करते हैं तो 9 जनवरी से संघ का आंदोलन शुरू होगा. बैठक में मुख्य रूप से प्रदेश अध्यक्ष चंद्रदीप कुमार,अमित यादव राम सागर महतो, अजय, प्रभात,राजनाथ सफीउल्लाह, इम्तियाज, तौसीफ, रेहान ,बबली ,दीपा ,सुमंती, सुमन देवंती ,सरिता ,वैजयंती ,संजय, गौतम , प्रतिमा, वनिता , अर्जुन उपस्थित हुए.
[wpse_comments_template]

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//