Search

इंजीनियर राधेश्याम रवि की पत्नी की कपंनी पति के विभाग में ही कर रही है ठेकेदारी

LAGATAR EXPOSE
  • - राधेश्याम रवि, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में सुप्रीटेंडिंग इंजीनियर हैं.
  • - रवि की पत्नी कुमारी पूर्णिमा लता M/S JSL Construction में पार्टनर हैं. 
  • - पत्नी-साले की यह कंपनी पेयजल स्वच्छता विभाग में ही ठेकेदारी करती है.

Ranchi: इंजीनियर राधेश्याम रवि की पत्नी की कंपनी पति के विभाग में ही ठेकेदारी कर रही है. प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) द्वारा पेयजल घोटाले की जांच के दौरान इस बात की पुष्टि हुई है. इससे पहले सीबीआई और ईडी की जांच में तत्कालीन ग्रामीण विकास मंत्री एनोस एक्का की पत्नी की कंपनी द्वारा पति के विभाग में ही ठेकेदारो करने का मामला प्रकाश में आया था. फिलहाल दोनो को कोर्ट से सजा सुनायी जा चुकी है.

 

ईडी की जांच में पाया गया है कि राधेश्याम रवि, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग में सुप्रीटेंडिंग इंजीनियर हैं. उनकी पत्नी कुमारी पूर्णिमा लता M/S JSL Construction में पार्टनर हैं. इस कंपनी में इंजीनियर की पत्नी के अलावा साले सहित अन्य रिश्तेदार भी शामिल है. पत्नी-साले की यह कंपनी पेयजल स्वच्छता विभाग में ही ठेकेदारी करती है. अब तक इस कंपनी को विभाग में तीन-चार ठेका मिल चुका है.

 

राधेश्याम रवि ने पेयजल एंव स्वच्छता विभाग में वर्ष 2008 में सहायक अभियंता के पद पर योगदान किया था. फिलाहाल वह सुप्रीटेंडिंग इंजीनियर के पद पर प्रोन्नत हो चुके है. वह अप्रैल 2022 से जुलाई 2023 तक स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट डीविजन रांची में कार्यपालक अभियंता के पद के अतिरिक्त प्रभार में रहे हैं. उनके कार्यकाल के दौरान स्वर्णरेखा प्रोजेक्ट से 20 करोड़ रुपये की फर्जी निकासी हुई थी. इस निकासी के लिए DDO Code- RNCWSS001 का इस्तेमाल किया गया था.

 

पेयजल घोटाले के आरोपी क्लर्क ने जांच एजेंसी को दिये गये बयान में यह कहा था कि उसे DDO Code- RNCWSS001 का कोर्ड और पासवर्ड राधेश्याम रवि ने दिया था. संतोष ने ईडी को दिये गये बयान में 11.77 करोड़ की फर्जी निकासी में से राधेश्याम रवि को एक करोड़ रुपये देने का आरोप लगाया है. हालांकि राधेश्याम रवि ने ट्रेजरी में भेजे गये किसी भी ऑथराईजेशन पेपर पर हस्ताक्षर करने से इंकार किया है. 

 

ईडी ने जांच में पाया है कि राधेश्याम रवि के पास रातू में सात डिसमिल का एक प्लाट है. इसका कागजी मूल्य सिर्फ 1.25 लाख रुपये है. पलामू में पत्नी के नाम पर 10 डिसमिल जमीन का एक प्लॉट है. इसका कागजी मूल्य 25 लाख रुपये हैं.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//