Search

 
 
 

Entertainment News : ओरिजिनल ‘तुम्हीं हो बंधु’ का जादू नहीं दोहरा पाया ‘बंधु 2.0’, ट्रोलिंग

शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘कॉकटेल 2’ 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है.
 

Lagatar Desk :शाहिद कपूर, कृति सेनन और रश्मिका मंदाना स्टारर फिल्म ‘कॉकटेल 2’ 19 जून 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है. फिल्म को दर्शकों से मिला-जुला रिस्पॉन्स मिल रहा है, लेकिन रिलीज से पहले आए इसके नए गाने ‘बंधु 2.0’ ने सोशल मीडिया पर अलग ही बहस छेड़ दी. गाने के सामने आते ही नेटिजन्स ने इसकी जमकर आलोचना शुरू कर दी और मेकर्स को ट्रोलिंग का सामना करना पड़ा.

 

 

 

ओरिजिनल ‘तुम्हीं हो बंधु’ से हुई तुलना

साल 2012 में रिलीज हुई फिल्म ‘कॉकटेल’ का लोकप्रिय गाना ‘तुम्हीं हो बंधु’ आज भी दर्शकों के बीच खास पहचान रखता है. दीपिका पादुकोण, सैफ अली खान और डायना पेंटी पर फिल्माए गए इस गाने की एनर्जी, मस्ती और बीच-वाइब्स को फैंस आज भी याद करते हैं.

 

ऐसे में जब ‘बंधु 2.0’ रिलीज हुआ, तो दर्शकों ने इसकी तुलना सीधे ओरिजिनल ट्रैक से करनी शुरू कर दी. कई लोगों का मानना है कि नया वर्जन पुराने गाने के जादू और भावनात्मक जुड़ाव को दोहराने में सफल नहीं हो पाया.

 

 

डांस और कोरियोग्राफी पर सबसे ज्यादा उठे सवाल

सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा आलोचना कृति सेनन और रश्मिका मंदाना के डांस स्टेप्स और कोरियोग्राफी को लेकर देखने को मिल रही है. कई यूजर्स ने डांस मूव्स को बचकाना और बिना प्रभाव वाला बताया.एक यूजर ने लिखा, ऐसा लगता है कि कोरियोग्राफी सिर्फ इस बात को ध्यान में रखकर बनाई गई है कि लोग रील्स और शॉर्ट्स पर आसानी से इन स्टेप्स को कॉपी कर सकें.वहीं दूसरे यूजर ने टिप्पणी करते हुए कहा, कमजोर म्यूजिक, रील्स-केंद्रित कोरियोग्राफी और वीडियो का बचकाना प्रेजेंटेशन इस गाने को निराशाजनक बनाता है.

 

गाने के ओवरऑल लुक को भी नहीं मिली सराहना

सिर्फ डांस ही नहीं, बल्कि गाने की विजुअल ट्रीटमेंट, स्टाइलिंग और ओवरऑल प्रस्तुति को लेकर भी दर्शकों ने नाराजगी जाहिर की है. सोशल मीडिया पर कई पोस्ट्स में मेकर्स पर ओरिजिनल गाने की लोकप्रियता का फायदा उठाने का आरोप लगाया गया है.

 

क्या मेकर्स को पहले से था विवाद का अंदेशा?

दिलचस्प बात यह है कि गाने को लेकर होने वाली प्रतिक्रियाओं का अंदाजा शायद मेकर्स और शाहिद कपूर को पहले से था. फिल्म के एक प्रमोशनल वीडियो में शाहिद कपूर इस विषय पर बातचीत करते नजर आए थे, जिससे संकेत मिलता है कि टीम को ओरिजिनल गाने से होने वाली तुलना और संभावित आलोचनाओं का एहसास था.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही