Search

 
 
 

Entertainment News : बॉक्स आफिस पर धमाल 4 का जलवा, वर्ल्डवाइड कलेक्शन 21.50 करोड़

अजय देवगन स्टारर कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की है
 

Lagatar Desk : अजय देवगन स्टारर कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' ने सिनेमाघरों में रिलीज होते ही बॉक्स ऑफिस पर अच्छी शुरुआत की है. फिल्म को दर्शकों और समीक्षकों से मिली-जुली प्रतिक्रिया मिल रही है.हालांकि, ओपनिंग डे कलेक्शन के मामले में यह फिल्म फ्रेंचाइजी की पिछली फिल्म 'टोटल धमाल' का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकी.

 

पहले दिन 13.75 करोड़ की कमाई

सैकनिल्क की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, 'धमाल 4' ने भारत में पहले दिन 13.75 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया. फिल्म का ग्रॉस कलेक्शन 16.50 करोड़ रुपये रहा, जबकि विदेशी बाजार से इसे 5 करोड़ रुपये की कमाई हुई. इस तरह फिल्म का पहले दिन का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 21.50 करोड़ रुपये पहुंच गया. अब सभी की नजरें वीकेंड कलेक्शन पर टिकी हैं, जहां फिल्म के बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है.

 

'टोटल धमाल' का रिकॉर्ड नहीं तोड़ पाई

'धमाल 4' ने फ्रेंचाइजी की पहली दो फिल्मों से बेहतर शुरुआत की है, लेकिन 'टोटल धमाल' की ओपनिंग का रिकॉर्ड नहीं तोड़ सकी. साल 2007 में रिलीज हुई 'धमाल' ने पहले दिन 2.38 करोड़ रुपये कमाए थे और इसका लाइफटाइम वर्ल्डवाइड कलेक्शन 50.73 करोड़ रुपये रहा. वहीं 'डबल धमाल' ने ओपनिंग डे पर 7.6 करोड़ रुपये की कमाई की थी और दुनिया भर में 70.54 करोड़ रुपये का कारोबार किया था. इसके मुकाबले 'टोटल धमाल' ने पहले दिन 16.5 करोड़ रुपये की कमाई करते हुए लाइफटाइम वर्ल्डवाइड 228.7 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया था.

 

200 करोड़ के बजट वाली फिल्म के सामने बड़ी चुनौती

करीब 200 करोड़ रुपये के बजट में बनी 'धमाल 4' के लिए अपनी लागत निकालना आसान नहीं होगा. बॉक्स ऑफिस पर पहले से चल रही कॉमेडी फिल्म 'वेलकम टू द जंगल' से इसे कड़ी टक्कर मिल रही है. ऐसे में फिल्म की आगे की सफलता काफी हद तक वीकेंड और आने वाले दिनों की कमाई पर निर्भर करेगी.

स्टारकास्ट और कहानी

निर्देशक इंद्र कुमार के निर्देशन में बनी 'धमाल 4' में अजय देवगन के साथ रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, रवि किशन, उपेंद्र लिमये, ईशा गुप्ता, संजीदा शेख और अंजलि आनंद अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं. 'धमाल' (2007), 'डबल धमाल' (2011) और 'टोटल धमाल' (2019) के बाद यह फ्रेंचाइजी की चौथी फिल्म है.

 

इस बार कहानी समुद्री लुटेरों, रहस्यमयी शक्तियों और 50 करोड़ रुपये के खजाने की तलाश के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें कॉमेडी और एडवेंचर का भरपूर तड़का देखने को मिलता है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही