Search

 
 
 

Entertainment News : सिंगर दिलजीत दोसांझ के घर को बम से उड़ाने की धमकी, सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट

पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के घर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है.जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं
 

Lagatar Desk: पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के घर को बम से उड़ाने की धमकी मिली है.जिसके बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड में आ गई हैं.जानकारी के अनुसार, सोमवार 25 मई को लुधियाना नगर निगम के अधिकारियों को एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया. ईमेल में दिलजीत दोसांझ के घर के साथ-साथ लुधियाना की मेयर के कार्यालय को भी निशाना बनाने की बात कही गई है.

 

धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने तुरंत कार्रवाई शुरू कर दी. संबंधित स्थानों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है और मामले की जांच जारी है. साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वालों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.

 

 

नगर निगम अधिकारियों को मिला धमकी भरा ईमेल

जानकारी के अनुसार, यह ईमेल नगर निगम कमिश्नर समेत कई वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया. ईमेल में कथित तौर पर धमाकों के समय का भी जिक्र किया गया था. इसके बाद पुलिस, बम निरोधक दस्ता और खोजी कुत्तों की टीम ने दिलजीत दोसांझ के घर और मेयर कार्यालय में व्यापक तलाशी अभियान चलाया. हालांकि जांच के दौरान कोई संदिग्ध वस्तु या विस्फोटक बरामद नहीं हुआ.

 


ईमेल में खालिस्तान नेशनल आर्मी का नाम

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, धमकी भरे ईमेल में खुद को खालिस्तान नेशनल आर्मी से जुड़ा बताया गया है. ईमेल के अंत में खालिस्तान राष्ट्रीय सेना लिखा गया था. साथ ही दो नाम-इंजीनियर गुरनख सिंह और डॉ. गुरनिरवैर सिंह -का उल्लेख भी किया गया.

 

ईमेल में 1984 के दंगों का जिक्र करते हुए खून का बदला खून जैसे शब्दों का इस्तेमाल किया गया. रिपोर्ट्स के अनुसार, दिलजीत दोसांझ के घर पर रात 9:11 बजे और मेयर इंदरजीत कौर के कार्यालय पर दोपहर 1:11 बजे हमले की धमकी दी गई थी. साथ ही 6 जून तक का अल्टीमेटम भी दिया गया.

 


पुलिस जांच जारी

फिलहाल पुलिस साइबर सेल की मदद से ईमेल भेजने वालों की पहचान करने में जुटी है. सुरक्षा एजेंसियां पूरे मामले को गंभीरता से लेकर जांच कर रही हैं.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही