Ranchi News: चतरा जिला में हेल्थ-सब-सेंटर का टेंडर मैनेज करने की शिकायत ग्रामीण विकास विभाग सहित जिले के अधिकारियों से शिकायत की गयी है. फाइनेंशियल बिड खुलने के पांच महीने बाद उसके मूल्यांकन कराने सहित अन्य कारणों को टेंडर मैनेज करने के आधार के रूप में पेश किया गया है.
- ग्रामीण विकास विभाग, जिले का उपायुक्त सहित अन्य अधिकारियों को भेजे गये शिकायती पत्र में कहा गया है कि टंडवा ब्लॉक के नवाडीह पंचायत में हेल्थ-सब-सेंटर के निर्माण के लिए 15 दिसंबर 2025 को टेंडर निकाला गया था. टेंडर डालने की अंतिम तिथि 14-12-2025 निर्धारित थी. हेल्थ-सब-सेंटर के इस टेंडर में तीन ठेकेदारों ने हिस्सा लिया. इसमें अनुज कंस्ट्रक्शन, नागेंद्र कुमार साहू और सुमन कुमारी का नाम शामिल है.
26 दिसंबर 2025 को टेक्निकल बिड खुला. टेक्निकल बिड का मूल्यांकन 8-1-2026 को किया गया. इसमें अनुज कंस्ट्रक्शन को रिजेक्ट किया गया. इसके बाद 9-1-2026 को बाकी बचे दो ठेकेदार नागेंद्र कुमार साहू और सुमन कुमारी को फाइनेंशियल बिड खोला गया. लेकिन फाइनेंशियल बिड का मूल्यांकन पांच महीने बाद 10-6-2026 को किया गया. इसके बाद नागेंद्र कुमार साहू को L-1 घोषित किया गया.
हालांकि हेल्थ-सब-सेंटर के निर्माण का काम अप्रैल से ही शुरू कर दिया गया. निर्माण का कार्य नागेंद्र कुमार द्वारा कराया जा रहा है. निर्माण स्थल पर योजना से संबंधित ब्योरे का बोर्ड भी नहीं लगा है.
सरकार को भेजे गये शिकायती पत्र में यह भी कहा गया है कि जिस जमीन पर अस्पताल निर्माण का काम किया जा रहा है, वर्ष 1956 से उस जमीन का रसीद जेपी सिंह के नाम से कटता आ रहा है. इस जमीन का एक हिस्सा नवाडीह पंचायत सचिवालय के लिए वर्ष 2011 में दिया जा चुका है. पंचायत सचिवालय के लिए चिह्नित जमीन पर अस्पताल का निर्माण कराया जा रहा है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.